फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun Case: कछला गंगा तट पर दफनाए गए दोनों बच्चों के शव, हर आंख हुई नम; फरार आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित

Wed, 20 Mar 2024 08:24 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बदायूं
विज्ञापन
1 of 5
एंबुलेंस से ले जाए गए बच्चों के शव - फोटो : अमर उजाला
बदायूं में मंडी समिति पुलिस चौकी से मात्र 500 मीटर की दूरी पर बाबा कॉलोनी में मंगलवार शाम 6.30 बजे दो बच्चों की हत्या हुई। हत्या के बाद बवाल व आगजनी होने पर पुलिस-प्रशासन ने सतर्कता और बढ़ा दी है। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ज्यादा निगरानी है। पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल तैनात है। हत्याकांड में नामजद एक आरोपी सखानूं निवासी साजिद (32) वारदात के मात्र तीन घंटे बाद ही पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उसका सगा भाई आरोपी जावेद (30) भागा हुआ है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इधर, दोनों बच्चों के शवों को बुधवार को कछला गंगाघाट पर दफन कर दिया गया। इस दौरान हर आंख में आंसू और हमदर्दी का भाव था।

ठेकेदार विनोद कुमार के बेटे आयुष (13) और अहान (06) की चाकू से काटकर मंगलवार शाम हत्या कर दी गई थी। इस दोहरे हत्याकांड से हर कोई स्तब्ध है। सुबह से ही लोग घटनास्थल पर वारदात की वजह के खुलासे के साथ आरोपी जावेद को भी मौत की सजा देने और उनके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाते रहे। यह तब है जब पुलिस ने वारदात के तीन घंटे में ही मुख्य आरोपी साजिद को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। अगर आरोपी न मारा जाता तो बवाल ज्यादा होता।
विज्ञापन

2 of 5
बच्चों की मां को ढाढ़स बंधाती परिजन - फोटो : अमर उजाला
अब परिवार को सांत्वना देने और दोषियों को सजा दिलाने की मांग करते हुए लोगों का विनोद के घर पहुंचने का सिलसिला जारी है। हर कोई हत्या की वजह जानना चाहता है, लेकिन परिजनों के बयानों और पुलिस की अब तक की जांच में कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
 
विज्ञापन

3 of 5
बच्चों के शवों को देख बेसुध हुईं मां और दादी - फोटो : अमर उजाला
बच्चों की दादी मुन्नी कहती हैं कि अगर पुलिस मुठभेड़ से पहले आरोपी से पूछताछ हो गई होती तो हत्या का कारण सामने आ सकता था। उनका कहना है कि अब दूसरा आरोपी पकड़ा जाए और उससे पूछा जाए कि उसने बच्चों की जान क्यों ली, क्योंकि हमारी न तो किसी से रंजिश है और न कोई विवाद।
 

4 of 5
बच्चों की मां को ढाढ़स बंधाती सांसद संघमित्रा मौर्य - फोटो : अमर उजाला
बच्चों की मां संगीता ने तो हत्यारोपी साजिद के हाथ में पांच हजार रुपये भी दिए थे। उनका कहना है कि साजिद ने कहा था कि उसकी पत्नी की डिलीवरी होनी है। उसे पांच हजार रुपये उधार चाहिए। अगर रंजिश होती तो हम मदद क्यों करते। इस सवाल के साथ उन्होंने खुलासे की मांग की। प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी और सांसद संघमित्रा मौर्य ने भी घटना की वजह के खुलासे पर जोर दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
एसएसपी आलोक प्रियदर्शी व अन्य पुलिस अफसर - फोटो : अमर उजाला
फरार आरोपी जावेद पर 25000 का इनाम घोषित
एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि फरार आरोपी जावेद की लगातार पुलिस तलाश कर रही है। उसकी तलाश में पांच टीमें लगी हुई हैं। कुछ टीमें सुरक्षा व्यवस्था संभालने में भी लगी हुई हैं। जावेद पर 25000 रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। इस हत्याकांड में वजह पता करने की कोशिश कर रहे हैं पर परिवार वाले बताएं तो ठीक है, वरना पुलिस हर पहलू की जांच करके सही बात सामने लाने का प्रयास करेगी। जब फरार आरोपी पकड़ा जाएगा तब भी कई बातों से पर्दा उठेगा। जावेद की ससुराल सहसवान में है। एक टीम वहां भेजी गई है। सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें