अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। भिटौरा स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 122वीं वाहिनी में रविवार को ट्रेड्समैन भर्ती की लिखित परीक्षा में तीन संदिग्ध युवक पकड़े गए हैं। दो युवकों के बायोमीट्रिक फिंगर प्रिंट्स और फोटो आवेदनपत्र से अलग मिले हैं, जबकि तीसरे का फोटो तो मिल रहा है लेकिन बायोमीट्रिक फिंगर प्रिंट्स अलग हैं। डिप्टी कमांडेंट जयकरन ने तीनों को फतेहगंज पश्चिमी पुलिस के हवाले कर दिया है। तीनों ही फिरोजाबाद के रहने वाले हैं।
ट्रेड्समैन भर्ती परीक्षा के तहत अभ्यर्थियों की शारीरिक नाप-जोख, दौड़ और मेडिकल पहले ही हो चुका है। रविवार को प्रदेश भर के सैकड़ों अभ्यर्थी सुबह 10 से 12 बजे के बीच लिखित परीक्षा दे रहे थे। इसी दौरान चयन बोर्ड के अफसरों की इंटरनल चेकिंग के में तीन संदिग्ध युवक पकड़ में आ गए। जांच में उनके फोटो और बायोमीट्रिक फिंगर प्रिंट्स आवेदनपत्रों से मिलान नहीं खा रहे थे। पकड़े गए अभ्यर्थियों में विजेंद्र सिंह निवासी अहलादपुर फिरोजाबाद का फोटो आवेदनपत्र पर लगे फोटो से मेल खा गया लेकिन बायोमीट्रिक फिंगर प्रिंट्स अलग-अलग दिख रहे थे। आदेश कुमार निवासी सैंगरी फिरोजाबाद और राजकुमार निवासी मुबारकपुर फिरोजाबाद के न तो फोटो मिले और न ही बायोमीट्रिक फिंगर प्रिंट्स आवेदनपत्रों जैसे मिले। चयन बोर्ड के अफसरों के आदेश पर डिप्टी कमांडेंट जयकरन ने तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया है। तीनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।