पेट्रोलियम कंपनियां तैयार, पेट्रोल पंपों पर सफाई शुरू
विज्ञापन
बरेली। पेट्रोलियम कंपनियों ने 25 मार्च तक पेट्रोल पंपों पर बीएस-6 फ्यूल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की तैयारी कर ली है। तीनों सार्वजनिक कंपनियां इसकी औपचारिक घोषणा भी करेंगी। इस बीच इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने अपनी सभी रिफाइनरी और सप्लाई डिपो पर नया फ्यूल उपलब्ध करा दिया है, जिससे निर्धारित तिथि पहली अप्रैल से बीएस-6 की बिक्री पूरी तरह से शुरू हो सके।
इंडियन ऑयल कारपोरेशन बरेली मंडल ने बीएस-6 फ्यूल सप्लाई और अन्य तकनीकी जानकारी देने के लिए प्रेसवार्ता का आयोजन किया, जिसमें उप महाप्रबंधक अनुपम हरि ने बीएस-6 फ्यूल पर हुए विभिन्न सवालों के जवाब दिए। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी से सप्लाई डिपो तक नया ईंधन पहुंच चुका है। धीरे-धीरे सभी पेट्रोल पंपों पर सप्लाई भी कराई जा रही है। सभी पंपों पर लगे टैंकों में बीएस-6 स्टाक करने के बाद निर्धारित मानकों का परीक्षण किया जाएगा। इसका प्रमाणपत्र जारी होने के बाद ही पंपों से बीएस-6 की सप्लाई शुरू होगी।
विज्ञापन
डीजीएम ने बताया कि आईओसी पूरी तरह इस बदलाव के लिए तैयार है। युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है। पहली अप्रैल से पहले यानी 25 मार्च से ही सभी पंपों पर बीएस-6 फ्यूल की सप्लाई होने की औपचारिक घोषणा करने की तैयारी है।
एक सवाल ने डीजीएम ने बताया कि बीएस-6 कीमतों का निर्धारण अलग से नहीं हुआ है। कंपनियां हर दिन समीक्षा कर कीमतें तय करती हैं। उन्होंने बताया कि नया ईंधन वायु प्रदूषण रोकने में कारगर साबित होगा। यह सभी शहरों में उपलब्ध होगा। ज्यादातर पंपों पर बीएस-6 पहुंच चुका है।