बरेली। पीलीभीत बाइपास पर 22 जून को हुई फायरिंग के मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई का दौर जारी है। शनिवार को भाजपा के पूर्व विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल के भाई रमेश मिश्रा के लक्ष्य रिसॉर्ट को सील कर दिया गया। तीन थानों की पुलिस व पीएसी के साथ पहुंची बीडीए की टीम ने सीलिंग के बाद वहां नोटिस चस्पा कर दिया। तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो सकती है।
सीओ तृतीय अनीता चौहान के नेतृत्व में संयुक्त टीम दोपहर ढाई बजे बारादरी थाने से हरुनगला स्थित लक्ष्य रिसॉर्ट पहुंची। वहां बीडीए के अधिशासी अभियंता ने रिसॉर्ट के दोनों गेट पर ताला डालकर व मुहर लगाकर सील कर दिया। यहां तीन नोटिस भी चस्पा किए गए। यहां मौजूद पप्पू भरतौल के बेटे विक्की भरतौल व रमेश मिश्रा के परिजनों से भी अधिकारियों ने बात की।
नक्शे के मुताबिक नहीं किया गया है निर्माण
पप्पू भरतौल फायरिंग मामले में नामजद किए गए हैं। इस कार्रवाई को उसी घटनाक्रम की प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, बीडीए के अधिकारी मानक पूरे न होने का हवाला दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि निर्माण नक्शे के मुताबिक नहीं किया गया था। इसको लेकर जुर्माना भी लगाया गया था, पर संबंधित आपत्तियों का निराकरण नहीं हो सका था। इसी को लेकर सीलिंग की गई है। कार्रवाई से पहले संयुक्त टीम ने बारादरी थाने में चार घंटे तक बैठक कर रूपरेखा तय की। अमर उजाला ब्यूरो