बरेली। किला थाना क्षेत्र की एक विधवा महिला ने अपने देवर पर मारपीट व छेड़खानी का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि दो दिन पहले उसने अपनी मौसेरी बहन को खरीदारी कराने के लिए बुलाया था। वह पांच सितंबर को खरीदारी करने बाजार गईं थी। जब लौटकर आईं तो देवर और देवरानी ने उसके कमरे में ताला डाल दिया। विरोध किया तो बोला तेरे पति के साथ तेरा हिस्सा भी मर गया। उसने गालीगलौज की और मारपीट शुरू कर दी। जब उसकी मौसेरी बहन बचाने आई तो देवर ने उसके साथ छेड़खानी कर दी। शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के तमाम लोग एकत्र होकर आ गए। मारपीट में उसके और उसकी मौसेरी बहन के चोटें आई हैं। विधवा महिला ने किला थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। संवाद
फंदे से लटककर मजदूर ने की आत्महत्या
बिथरीचैनपुर। थाना क्षेत्र के गांव मानपुर में शनिवार सुबह मुख्तयार (55) ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। पारिवारिक विवाद के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। गांव मानपुर निवासी मुख्तयार मजदूरी करते थे। उनके परिवार वालों का कहना है कि वह पिछले कई माह से परेशान चल रहे थे। वह शनिवार सुबह करीब नौ बजे घर से खाना खाकर निकले थे लेकिन उसके बाद लौटकर घर नहीं आए। दोपहर के समय उनके गांव के लोगों ने बताया कि करीब एक किलोमीटर दूर बाग में मुख्तयार का शव रस्सी के फंदे से लटका हुआ है। इंस्पेक्टर आदेश कुमार ने बताया कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। संवाद
ट्रक के केबिन से 50 हजार रुपये और मोबाइल चोरी
बरेली। किला थाना क्षेत्र में एक ट्रक के केबिन से 50 हजार रुपये और मोबाइल चोरी हो गया। ट्रक चालक सुधीर यादव का कहना है कि वह भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव घघोरा पिपरिया का रहने वाला है। छह सितंबर को उसका ट्रक भारत प्लाईवुड के सामने खड़ा था। वह और ट्रक का हेल्पर वीरू केबिन में सो रहे थे। ट्रक की डिक्की में कपड़े में लपेटकर 50 हजार रुपये और अपना मोबाइल रख दिया था। जब सोकर उठे तो रुपये और मोबाइल गायब मिला। चालक सुधीर यादव ने किला थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। संवाद
दुकान से लोहे के पाइप और 30 हजार रुपये चोरी
बरेली। बिथरीचैनपुर थाना क्षेत्र के नरियावल में एक दुकान से 3.50 क्विंटल लोहे के पाइप और 30 हजार रुपये चोरी हो गए। नरियावल मंदिर के पास रहने वाले अजय गुप्ता का कहना है कि उनकी दुकान के बाहर एक पेड़ है। चोर उसी पेड़ पर चढ़कर उनकी दुकान की छत पर चढ़ आए और जीने से होकर दुकान में घुस गए। दुकान के जीने में दरवाजा नहीं था। इससे चोर आराम से 3.50 क्विंटल लोहे के पाइप, 30 हजार रुपये और जेनरेटर के पाइप खोलकर ले गए। दूसरे दिन सुबह उन्हें चोरी की जानकारी हुई तब उन्होंने थाने जाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने एफआईआर दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। संवाद