बरेली। फिटनेस प्रमाण पत्र बनवाने जिला अस्पताल आए पीलीभीत के दो युवकों से रेलवे के एक संविदा कर्मचारी ने दो हजार रुपये वसूल लिए। जिला अस्पताल के एक कर्मचारी ने उसे घूस लेते देखा तो तत्काल अस्पताल प्रशासन को जानकारी दी। इस पर आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया।
जानकारी के मुताबिक पीलीभीत निवासी विकास और राकेश रेलवे में संविदा पर नौकरी के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने के लिए शनिवार को जिला अस्पताल पहुंचे थे। यहां उनकी संजयनगर के रहने वाले रेलवे में संविदा कर्मी करन से मुलाकात हुई। उसने सर्टिफिकेट बनवाने के लिए दो हजार रुपये मांगे। विकास जब करन को रुपये दे रहा था तो अस्पताल के एक कर्मचारी ने देख लिया और अस्पताल प्रशासन से शिकायत कर दी। इसके बाद आरोपी करन को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। ब्यूरो