बरेली। नलकूप कनेक्शन के लिए 30 हजार रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत लेकर एक्सईएन प्रथम के कार्यालय पहुंचे आवेदक की यहां एसडीई रिठौरा अरुण कुमार से तकरार हो गई।
कार्यालय में एक्सईएन समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। आवेदक ने आरोप लगाया कि तीन महीने से उसको टहलाया जा रहा है। रिठौरा उपकेंद्र के गांव कुंवरपुर बंजरिया के श्याम सिंह ने नलकूप कनेक्शन के लिए जून में आवेदन किया था।
आरोप है कि एक जेई और संविदा कर्मचारियों ने एस्टीमेट के नाम पर उनको लगातार टहलाया। जल्द कनेक्शन के लिए 30 हजार रुपये भी मांगे। बाद में उनको 1,56,219 रुपये का एस्टीमेट दिया गया। यह रकम उन्होंने जमा भी कर दी।
आरोप है कि मैनुअल जमा रसीद पर तारीख नहीं डाली गई। मंगलवार को जेई को कॉल की तो उसने कह दिया कि वह बहेड़ी है। इसके बाद श्याम सिंह अपने परिचित के साथ शिकायत करने एक्सईएन मनोज कुमार के पास पहुंचे। यहां एसडीई अरुण कुमार समेत अन्य अधिकारी भी बैठे थे। उन्होंने शिकायत की तो एसडीई भड़क गए।
इस पर एक्सईएन के सामने ही तकरार होने लगे। दोनों ने अपने राजनीतिक संबंधों की धमकी भी दी। एक्सईएन मनोज कुमार ने बताया कि मामले में जेई के खिलाफ जांच कराई जाएगी। संवाद