सीबीगंज। बजरफुट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार बीफार्मा के छात्र की मौत हो गई। हादसा सीबीगंज में राजकीय पॉलिटेक्निक के सामने हुआ। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। मौका पाकर चालक भाग निकला। छात्र ने हेलमेट नहीं पहना था।
फतेहगंज पश्चिमी थाने के लोधीनगर निवासी शिव मंगल गुप्ता का बेटा लवकुश गुप्ता (20) बीफार्मा तृतीय वर्ष का छात्र था। इन दिनों पढ़ाई के साथ-साथ वह जिला अस्पताल में प्रशिक्षण भी ले रहा था। लवकुश बृहस्पतिवार दोपहर बरेली से घर लौट रहा था।
रास्ते में राजकीय पॉलिटेक्निक के सामने परसाखेड़ा की ओर से तेज गति से आ रहे बजरफुट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने कट पर अचानक ट्रैक्टर को धर्मकांटे की ओर मोड़ दिया। बरेली की ओर से आ रहे लवकुश की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। इससे उनको गंभीर चोटें आईं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से उनको अस्पताल भिजवाया। यहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पिता शिव मंगल ने बताया कि चार भाइयों में लवकुश सबसे छोटा था। हादसे में उसकी मौत के बाद मां मां सरोज गुप्ता बदहवास हैं। पुलिस ने शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। संवाद