बरेली। बीपीएड में छात्र-छात्राओं की संख्या से दो गुनी से ज्यादा सीटें होने के चलते विश्वविद्यालय ने काउंसलिंग नहीं कराने का निर्णय लिया है। 16 अगस्त तक कॉलेज इन सीटों पर सीधे एडमिशन लेकर 20 अगस्त तक विश्वविद्यालय को सारा डाटा उपलब्ध कराएंगे।
बरेली और मुरादाबाद मंडल में रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध पांच महाविद्यालयों में बीपीएड का पाठ्यक्रम संचालित हो रहा है। इसमें बरेली में राजेंद्र प्रसाद पीजी कॉलेज मीरगंज, शाहजहांपुर में सत्यपाल सिंह यादव महाविद्यालय, कलान, मुरादाबाद में रुक्मणि महाविद्यालय, लोधीपुर राजपूत, अमरोहा में तेजू सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज, गजरौला और बिजनौर में एसपी कॉलेज, तिगरी चांदपुर है। बता दें कि इन कॉलेज में 300 सीटें हैं लेकिन एडमिशन लेने वाले अभ्यर्थियों की संख्या सिर्फ 140 है। इस कोर्स की प्रवेश परीक्षा में 338 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें 238 परीक्षा में शामिल हुए और सफल सिर्फ 140 ही हो सके। ऐसे में अभ्यर्थी कम होने के चलते विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को सीधे एडमिशन लेने का मौका दिया है।