बरेली। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में 30 जून को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मेधावियों को पदक से अलंकृत करेंगी। विद्यार्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड में समारोह में शामिल होने के निर्देश हैं। इधर, पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने तैयारियों काे परखा।
आईवीआरआई के दीक्षांत समारोह में छात्रों के लिए सफेद कुर्ता, पायजामा और छात्राओं को लाल बॉर्डर की सफेद साड़ी का ड्रेस कोड मिला है। वहीं, राष्ट्रपति के आगमन को लेकर संस्थान में तैयारियों का दौर जोरों पर है। पूर्व में हुए परिसर की रंगाई पुताई जहां धूमिल हुई वहां परत दर परत रंग चढ़ाए जा रहे हैं। राष्ट्रपति के आवाजाही के प्रस्तावित मार्ग काे चमकाया जा रहा है। राष्ट्रपति के परिसर भ्रमण की संभावना को देखते हुए सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने कार्यों का रिकॉर्ड दुरुस्त करने के साथ उसकी पॉवर प्वॉइंट प्रजेंटेशन के लिए फाइल तैयार कर रहे हैं।
सोमवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने प्रस्तावित मार्ग और परिसर के अंदर-बाहर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। सीसीटीवी कैमरों का संचालन देखा। व्यवस्था संबंधी दिशानिर्देश दिए।
करीब घंटे भर बरेली में मौजूद रहेंगी राष्ट्रपति
समारोह के जारी कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली से 30 जून की सुबह नौ बजे आईएफ वायुयान से सुबह 9.50 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगी। सुबह 10.10 बजे आईवीआरआई पहुंचकर दस मिनट तक विश्राम करेंगी। 10.20 बजे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। 11.10 बजे कार्यक्रम स्थल से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी। 11.30 बजे बरेली एयरपोर्ट से गोरखपुर के लिए वायुयान से रवाना होंगी।
सभी विभागों को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
प्रोटोकॉल के तहत राष्ट्रपति के बरेली पहुंचने पर किसी तरह की कोई कमी न रहे इसके इंतजाम के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। सीएमओ को चिकित्सा व्यवस्था, सेफ हॉस्पिटल बनाने, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को खाद्य, पेय पदार्थों की नियमानुसार जांच कराने, रोडवेज के अधिकारियों को परिवहन व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, पीडब्ल्यूडी व अन्य विभागों को जरूरी कार्य के निर्देश दिए गए हैं।