बरेली। शहर के बानखाना वार्ड में पिछले सात महीने से लोग गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। एक बड़ा नलकूप खराब पड़ा है, जबकि चार अन्य नए नलकूपों में बिजली का कनेक्शन नहीं दिया गया है। इससे करीब दो हजार घरों की सात हजार आबादी को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
बानखाना वार्ड में चाहबाई का 35 एचपी का बड़ा नलकूप खराब पड़ा है, जिसमें प्रेशर नहीं बन रहा है। इस कारण बानखाना, गुलाबनगर, चाहवाई, कोहाड़ापीर, बगिया और बर्फ खाने वाली गली में पानी नहीं पहुंच पा रहा। ट्यूबवेल खराब होने के बाद दो महीने पहले चार नए नलकूपों की बोरिंग कराई गई थी। इनमें बानखाना कब्रिस्तान में 10 एचपी और बर्फ खाना, डोरीलाल के मकान व बगिया में पांच एचपी का नलकूप लगाया गया, लेकिन बिजली कनेक्शन न मिलने से यह आज तक शुरू नहीं हो सका। वर्तमान में सिर्फ बानखाना सद्भावना चौकी के पास के नलकूप और नैनीताल रोड की लाइन से किसी तरह काम चलाया जा रहा है। बानखाना के पार्षद शमीम अहमद ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
-
जल्द कराएंगे समाधान
जलकल के महाप्रबंधक मनोज कुमार आर्या ने बताया कि समस्या का जल्द समाधान करा दिया जाएगा। बड़े नलकूप को ठीक कराने के साथ ही छोटे नलकूपों में बिजली कनेक्शन जल्द करवाकर उन्हें चालू कराया जाएगा।