फरीदपुर। कस्बे में बुधवार को मात्र 15 जगह पर अलाव जलवाए गए। इससे कुछ स्थानों पर लोगों ने राहत की सांस ली तो कुछ जगहों पर लोग ठिठुरते रहे। इससे परेशान होकर कुछ लोगों ने अपने अलाव लगाकर राहत पाई, जबकि लोगों ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन को अन्य जगहों पर अलाव के लिए व्यवस्था करना चाहिए।
नगर पालिका के सभासद रंजीत सिंह चौहान ने बताया कि नगर पालिका द्वारा कुछ चुनिंदा जगहों पर अलाव लगवाए जा रहे हैं। बाकी नगर के लोग ठंड में ठिठुर रहे हैं। लोग खुद से अपने अलाव लगाकर रहे हैं। इसको लेकर उन्होंने नगर पालिका के खिलाफ रोज व्यक्त किया है। नगर पालिका के ईओ पुनीत कुमार ने बताया कि अभी तक 10 जगह पर अलाव लगवाए जा रहे थे। बुधवार से कस्बे में 15 जगह अलाव लगवाए गए हैं। वहीं, बृहस्पतिवार से 25 जगह अलाव लगवाए जाएंगे। संवाद
कड़ाके की ठंड से लोग घरों में दुबके
मीरगंज। दो दिन से लगातार पड़ रही ठंड के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। मंगलवार और बुधवार को पूरे दिन कोहरा छाया रहा। सूरज की किरण तक नहीं निकली। लोग अपने मकानों और दुकानों के आगे आग जलाकर तापते नजर आए। सबसे अधिक परेशानी पशु पालकों को हो रही है। किसान पशुओं को हरा चारा भी ठंड के कारण नहीं ला पा रहे हैं। लोगों ने बताया कि अगर ऐसी ही ठंड पड़ती रही तो बच्चों और वृद्ध लोगों को अधिक परेशानी हो सकती हैं। संवाद
-
अधिशासी अधिकारी ने किया रैन बसेरा का आकस्मिक निरीक्षण
फतेहगंज पूर्वी । कोहरे के कारण ठंड बढ़ने के साथ ही नगर पंचायत फतेहगंज पूर्वी के अधिशासी अधिकारी राजन नाथ तिवारी ने कस्बे में बने अस्थाई रैन बसेरे का आकस्मिक निरीक्षण किया। इसमें उन्होंने यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं को बारीकी से परखा। वहीं, यहां केयर टेकरों उधम सिंह व रविंद्र यादव से रैन बसेरा में रुकने वाले लोगों का विवरण देखा।उसके बाद नगर में जगह-जगह पर लगने वाले अलावों का भी उन्होंने निरीक्षण किया। संवाद
नपं ने रैन बसेरे किए सक्रिय
सिरौली। कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड से लोगों को बचाने के लिए बरेली अड्डे पर स्थित नगर पंचायत के गेस्ट हाउस में आधा दर्जन फोल्डिंग, पलंग, रजाई ,गड्ढे आदि की व्यवस्था कर लोगों को शीतलहर से बचाने का इंतजाम किया गया है। इसके अलावा बुधवार सुबह से अलाव शुरू किए गए। ईओ राजन नाथ तिवारी ने बताया कि अलाव संख्या बढ़ाई जाएगी। जरूरत के हिसाब से रैन बसेरा में बेड संख्या भी बढ़ा दी जाएगी। संवाद
-