बहेड़ी। थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार सुबह घर में एक युवक का शव फंदे पर लटकता मिला तो सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
गांव बिजौरिया निवासी मकसूद खां का चौथे नंबर का बेटा मो. सैफ गांव में अपने रिश्ते के दादा के मकान में बनी दुकान में वेल्डिंग करने का काम करता था। मंगलवार रात गांव की बिजली लाइन में आई खराबी को दूर किए जाते वक्त कुछ लोगों के साथ देखा गया था। बुधवार सुबह कुछ लोगों की निगाह दुकान में रस्सी के फंदे से लटक रहे शव पर पड़ी तो सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मो. सैफ के पांव जमीन को हल्के से छू रहे थे। रस्सी की गांठ गर्दन के पीछे थी। कोतवाल प्रवीण कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर साफ हो सकेगी। संवाद