फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: कब्र से निकाला गया सपा विधायक की साली का शव

Sun, 19 Jul 2026 01:42 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बहेड़ी (बरेली)। सपा विधायक अताउर रहमान की साली तबस्सुम की ससुराल में मौत और जल्दबाजी में दफनाने का मामला गरमा गया है। उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी डॉ. जहीन इलियास ने बहन तबस्सुम के ससुराल वालों पर संपत्ति विवाद में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। डीएम के आदेश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने शनिवार को शव को कब्र से निकालकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन

मुड़िया रोड निवासी 55 साल की तबस्सुम का निधन 12 जुलाई को हो गया था। रात में मौत के बाद परिवार ने सुबह जल्दी ही शव को कस्बे के कब्रिस्तान में दफना दिया था। पड़ोसियों को बताया था कि तबस्सुम कैंसर रोग से पीड़ित थीं, इसी वजह से उनकी मौत हुई है। तबस्सुम के भाई हल्द्वानी निवासी डॉ. जहीन इलियास के मुताबिक, उन्हें काफी देर बाद बहन की मौत और सुपुर्द-ए-खाक किए जाने की जानकारी मिली। उन्होंने बहन की ससुराल आकर उसके परिजनों व पड़ोसियों से बात की तो उन्हें कुछ संदेह हुआ।
डॉ. जहीन इलियास ने डीएम को पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी बहन की जहर देकर हत्या की गई है। डीएम ने इस मामले में एसएसपी से कार्रवाई कराने के लिए कहा। डीएम के आदेश पर शनिवार को मृतका के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए बरेली भेजा गया।
विज्ञापन


खोदाई के दौरान मौजूद नहीं थे ससुराल वाले
कब्र की खोदाई से पहले चारों ओर कपड़े का घेरा बनाया गया। इस कार्रवाई के दौरान तबस्सुम के ससुराल पक्ष का कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। मायके वालों को पुलिस ने करीब नहीं जाने दिया। शव को कब्र से निकालकर पुलिस ने पंचनामा भरवाया और उसे पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई। इस दौरान मजिस्ट्रेट व बहेड़ी पुलिस पूरे समय मौजूद रही।
मादक पदार्थ तस्करी में जेल जा चुका पति
तबस्सुम के मायके वाले डॉक्टरी पेशा संभ्रांत लोग हैं, जबकि उसका पति ताहिर मादक पदार्थ तस्करी के मामले में कई बार जेल जा चुका है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। तबस्सुम के मायके पक्ष को घर की ही एक महिला की गतिविधियों को लेकर संदेह है। संपत्ति हड़पने की साजिश के तौर पर भी मामले को देखा जा रहा है। इसलिए मायका पक्ष चाहता है कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट से साक्ष्य मिले तो वह आगे कानूनी कार्रवाई का विकल्प तलाश करें।
मेरे खिलाफ साजिश : ताहिर
ताहिर ने कहा, उसकी शादी को 35 साल हो चुके हैं। बुढ़ापे में पत्नी को जहरीला पदार्थ देने का आरोप गलत है। वह कैंसर और शुगर की मरीज थीं। उनका इलाज भी चल रहा था। 12 जुलाई को पत्नी के निधन पर सभी रिश्तेदार मौजूद थे। उस दिन जांच क्यों नहीं कराई गई? आरोपों को साजिश बताते हुए कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ हो जाएगी।
वर्जन
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तबस्सुम के शव को बहेड़ी पुलिस ने कब्र से निकलवाया है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के बाद इसमें आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। चूंकि आरोप गंभीर और मामला संवेदनशील है, इसलिए पोस्टमाॅर्टम भी डॉक्टरों के पैनल से कराया जा रहा है। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। - मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी उत्तरी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें