शीशगढ़। थाना क्षेत्र के गांव पदमी में चार दिन से लापता 47 वर्षीय तोताराम का शव बृहस्पतिवार को उनके ही खेत में भूसे के ढेर में मिला। परिवार ने तोताराम की हत्या की आशंका जताई है।
परिवार के मुताबिक, तोताराम 17 अक्तूबर की शाम पांच बजे घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। कोई पता नहीं चलने पर बेटे लीलाधर ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार दोपहर तोताराम की बेटी हेमवती खेत पर भूसा लेने गई थी। उन्हें भूसे के ढेर के अंदर एक हाथ दिखाई दिया। यह देखकर वह डर गईं और रोते हुए गांव पहुंचीं। सूचना पर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। भूसे के बोंगे में तोताराम का शव मिला। शव के ऊपर पड़ी रस्सी को देखकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई। भूसे का ढेर गांव से करीब 100 से 200 मीटर की दूरी पर उनके ही खेत में था।
सीओ बहेड़ी व थाना प्रभारी शीशगढ़ मौके पर पहुंचे। मुआयना के बाद सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। ग्रामीण बता रहे हैं कि तोताराम नशे के लती थे। हो सकता है कि किसी वजह से भूसे का ढेर उनके ऊपर गिर गई हो। इससे वह निकल नहीं पाए और दबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि सीओ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि शुक्रवार को पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद