बरेली। कैंट स्थित साई केंद्र में सेपक टाकरा का प्रशिक्षण ले रहे बॉबी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और शहर का नाम रोशन किया है। 22 से 27 जुलाई तक थाईलैंड के सेंट्रल हाट याई में आयोजित 38वीं थाई किंग्स कप चैंपियनशिप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक भारत की झोली में डाले। इसके साथ ही, टीम ने हूप इवेंट में भी कांस्य पदक अपने नाम किया है।
बॉबी का चयन किंग्स कप चैंपियनशिप के लिए पहले ही हो चुका था। वह जुलाई की शुरुआत से ही भारतीय टीम के शिविर में प्रशिक्षण ले रहे थे। फोन पर हुई बातचीत में बॉबी ने बताया कि भारत के लिए थाई किंग्स कप जैसे टूर्नामेंट में पदक जीतना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा आसान नहीं थी। निरंतर अभ्यास, कोच बीए शर्मा के मार्गदर्शन और परिवार के समर्थन ने उन्हें यह मुकाम हासिल करने की ताकत दी।
बॉबी के साथ इस प्रतियोगिता में शहर के साई स्टेडियम में प्रशिक्षण दे रहे कोच बीए शर्मा भी भारतीय टीम के कोच के रूप में मौजूद रहे। बीए शर्मा वर्ष 2010 से भारतीय टीम से बतौर कोच जुड़े हुए हैं और उनके मार्गदर्शन में टीम ने कई बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अहम उपलब्धियां दर्ज की हैं। संवाद