एक भी मतदाता न छूटे, एक भी नाम गलत न रहे... बरेली में इसी संकल्प के साथ रविवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत विशेष दिवस का आयोजन किया गया। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी (एसीईओ) अरविंद कुमार पांडेय ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए।
बीबीएल इंटर कॉलेज, हफीज सिद्दीकी इंटर कॉलेज, सुशीला गिरीश बालिका इंटर कॉलेज के बूथों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसीईओ ने कहा कि जो लोग फॉर्म-6 भरकर आ रहे हैं, उसकी मौके पर ही जांच करा लें। नाम, पता, जन्मतिथि, दस्तावेजों के मिलान के बिना कोई भी फॉर्म जमा न करें। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मतदाता सूची शुद्ध, त्रुटिरहित, समावेशी हो। यही लोकतंत्र की असली ताकत है। एक जनवरी 2027 को जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं। यह निशुल्क है।
मतदाता सूची में जुड़वाया नवविवाहिता का नाम
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान बूथों का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम अविनाश सिंह ने प्राथमिक विद्यालय भरतौल के बूथ संख्या सात पर नवविवाहिता दामिनी पटेल का नाम सूची में जुड़वाया। नया वोट बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराने पर बीएलओ आनंद जायसवाल, ग्राम प्रधान प्रवेश के प्रयास को सराहा। इसके अलावा डीएम ने शहर समेत बिथरी चैनपुर के अन्य बूथों का भी निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए।