नवाबगंज/कुंडरा कोठी। दमखोदा के सैदूपुर गांव में तैनात बीएलओ की ड्यूटी के दौरान हालत बिगड़ गई। वह जैसे ही अपने गांव पहुंचे। उसी बीच चक्कर खाकर रास्ते में ही गिर पड़े। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जिला पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बीएलओ के बेटे ने बताया कि चिकित्सकों ने हृदयघात पड़ने की जानकारी दी है। साथ ही बेटे ने अफसरों पर पिता को छुट्टी नहीं देने का भी आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, दमखोदा ब्लाॅक के अटरिया माधोपुर निवासी हरप्रसाद माधोपुर के प्राथमिक स्कूल में शिक्षामित्र के पद पर तैनात हैं। वह सैदूपुर गांव के बीएलओ की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। बीएलओ के बेटे देहित ने बताया कि वह बृहस्पतिवार शाम सैदूपुर गांव में एसआईआर के कार्य में जुटे थे। इसी बीच उनकी हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में वह जैसे ही गांव में अपने मकान के पास पहुंचे। उसी बीच गिर पड़े। उनके बेटे ने बताया कि अधिकारियों से बीमारी के बारे में बताया, लेकिन इसके बाद भी उनसे ड्यूटी कराई जा रही है। संवाद