दो पक्षों की फायरिंग में बुजुर्ग की मौत
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के आंवला क्षेत्र के गंज त्रिपोलिया से मोहल्ला लठैता मोड़ के पास शनिवार शाम दो पक्षों में फायरिंग हो गई। इस बीच गुजर रहे दूसरे समुदाय के राहगीर की गोली लगने से मौत हो गई। मोहल्ला पुरैना ढाल निवासी सुमित भी घायल हो गए। गोलीकांड से आसपास अफरा-तफरी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आकर स्थिति को संभाला और घायल को अस्पताल भेजा।
मोहल्ला गंज गौसिया चौक निवासी सज्जाद अंसारी (उम्र 65 साल) सिलाई का काम करते थे, वे रोजाना की तरह शाम को अपने नवासे नवासियों को मोहल्ला लठैता में ट्यूशन की छुट्टी होने पर उनको वापस घर लाने के लिए वहां गए थे। इसी दौरान वहां हुई दो पक्षों के बीच अंधाधुंध फायरिंग के दौरान उनके गोली लग गयी और वे बेहोश होकर वहीं गिर गए।
घटना के बाद एक पक्ष मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस व परिजन गंभीर घायल सज्जाद को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुचे। वहां डॉक्टरों ने सज्जाद को मृत घोषित कर कर दिया। घटना से पूरे क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर देर रात एसपी देहात अंशिका वर्मा मौके पर पहुंचीं और उन्होनें मृतक के परिवार से बातचीत की।
घटना के बाद एक पक्ष के मोहल्ला लठैता निवासी तरूण सिंह दर्जनों लोगों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस को बताया कि वे बरेली के एक निजी विश्वविधालय के छात्र हैं। 15 अक्तूबर को जब वे कॉलेज से वापस घर लौट रहे थे तो आरोपियों ने रास्ता रोककर पीटा। इस मामले में थाना बिथरी चैनपुर में कस्बा निवासी चार आरोपियों को नामजद कराया था। तभी से आरोपी रंजिश मान रहे थे और आए दिन गालीगलौज व धमकी देते थे।
शनिवार शाम आरोपियों ने गंज त्रिपोलिया पर दोबारा से रास्ता रोका और फायरिंग शुरू कर दी। तरूण सिंह जब आरोपियों के चंगुल से बचकर जब घर की ओर भागे तो आरोपियों ने उनका पीछा किया। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे मोहल्ला गौसिया चौक निवासी सज्जाद उम्र 65 साल को गोली लग गयी। और उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं मृतक के परिजनों की ओर से भी घटना के मामले में नामजद तहरीर दी गई है।
एसपी देहात अंशिका वर्मा ने बताया दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग के दौरान राहगीर सज्जाद को गोली लगी। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जानकारी मिली है कि एक पक्ष की लड़की व दूसरे पक्ष के लड़के के बीच प्रेमप्रसंग था जिसके चलते दोनों परिवार आपस में रंजिश मानते थे। इस मामले में और अधिक जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, एक पक्ष के सुमित गंभीर घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।