बरेली। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के उतरेटिया-रायबरेली रेल खंड में शनिवार को अचानक लिए गए मेगा ब्लॉक के कारण तीन ट्रेनों को मार्ग बदलकर चलाया गया। ब्लॉक के कारण छह ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। यह सभी ट्रेनें बरेली होकर गुजरने वाली हैं। इनमें एक विशेष ट्रेन भी शामिल है।
ये ट्रेनें प्रभावित हुईं-
शनिवार को अमृतसर से चलने वाली 13006 अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग उतरेटिया-सुल्तानपुर-मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ चलाई गई। इसे बछरावां, रायबरेली, जायस, गौरीगंज, अमेठी स्टेशनों पर ठहराव नहीं दिया गया। 13005 हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-सुल्तानपुर-उतरेटिया के रास्ते चलाया गया। इस कारण इस ट्रेन को अमेठी, गौरीगंज, जायस, रायबरेली, बछरावां स्टेशनों ठहराव नहीं दिया गया। 04520 बठिंडा-वाराणसी विशेष ट्रेन को उतरेटिया-सुल्तानपुर-मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ के रास्ते चलाया गया। संवाद
आज ये ट्रेनें होंगी प्रभावित
रविवार को 15119 वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-सुल्तानपुर-उतरेटिया के रास्ते चलाई जाएगी। इस ट्रेन का चंडिका देवी धाम अंतू, मिसरौली, अमेठी, गौरीगंज, जायस, फुरसतगंज, रायबरेली, हरचंदपुर, बछरावां स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा। इसके अलावा 12876 आनंद विहार एक्सप्रेस को 90 मिनट और 15076 टनकपुर-शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस को 35 मिनट तक नियंत्रित कर चलाया जाएगा।