पीड़ित बीएलओ राजेश कुमार अग्रवाल।
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के फॉर्म देने से इन्कार करने पर छंगाकुआं निवासी युवक ने बीएलओ पर जानलेवा हमला कर दिया। बचाव में आए युवक को भी पीटा। बीएलओ ने किला थाने में युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बीएलओ राजेश कुमार अग्रवाल की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, शहर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 56 में सोमवार को ड्यूटी कर रहे थे। शाम 5:32 बजे साहूकारा में हाथी वाले मंदिर के पास एसआईआर फॉर्म भर रहे थे। तभी छंगाकुआं निवासी अर्पण गर्ग आया और गाली देने लगा।
बीचबचाव करने वाले पर भी किया हमला
बीएलओ ने बताया कि जब उन्होंने समझाने का प्रयास किया तो उसने हमला कर दिया। सरकारी कागजात फेंक दिया। वहां मौजूद साहूकारा निवासी विशाल भारद्वाज (रोमी) ने बचाव की कोशिश की तो आंखों और चेहरे पर धारदार हथियार से वार किया। इससे बचाव पक्ष को काफी चोट लगी।
पार्षद प्रांजल गर्ग और भाग संख्या-58 के बीएलओ अमित कुमार ने बीच-बचाव कराया। बीएलओ राजेश ने सरकारी कर्मचारी पर जानलेवा हमला, एसआईआर अभियान में बाधा पहुंचाने पर कार्रवाई की मांग की है। किला इंस्पेक्टर सुभाष कुमार सिंह ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मेडिकल परीक्षण और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।