इफको आंवला। भूदाता किसानों को रोजगार देने की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को इफको के मुख्य प्रवेश द्वार पर धरना दिया। प्रबंधन की ओर से तीन महीने में 60 भूदाता किसानों को रोजगार देने का आश्वासन मिलने पर प्रदर्शनकारी शांत हुए। सभी को महीने में 24 दिन काम दिया जाएगा।
प्रदर्शन करने पहुंचे किसानों ने जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची भमोरा पुलिस ने आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास किया मगर वह नहीं माने। इफको प्रबंधन की सूचना पर एसडीएम गोविंद मौर्य व सीओ निलेश मिश्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाया। इफको प्रबंधन से भी वार्ता की।
दोपहर बाद प्रशासन ने इफको अतिथिगृह में प्रबंधन व यूनियन पदाधिकारियों के बीच वार्ता शुरू कराई। इस दौरान भाकियू पदाधिकारियों ने 287 भूदाताओं को रोजगार देने की बात कही। प्रबंधन ने कहा कि अब तक 41 लोगों को रोजगार दिया जा चुका है। बाद में तय हुआ कि इफको प्लांट में तीन महीने में 60 लोगों को रोजगार दिया जाएगा। यह लोग महीने में 24 दिन काम करेंगे।
इस पर किसानों ने सहमति जताई। इसके बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। वार्ता में चौ. शिशुपाल सिंह, ओमशंकर सक्सेना, मुनेश यादव, नवल किशोर, महाराज सिंह यादव, पंकज शर्मा, वीर सिंह, नेत्रपाल आदि मौजूद रहे।