बरेली। अयोध्या में नवनिर्मित श्री राम मंदिर के लोकार्पण में शामिल होने के लिए शहर की तीन चुनिंदा हस्तियों को समरसता कार्यक्रम के तहत आमंत्रित किया गया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की ओर से सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए यह निमंत्रण भेजा गया है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व विभाग संघ चालक केसी गुप्ता की वरिष्ठता और समाजिक कार्यों में उनके योगदान को देखते हुए निमंत्रण भेजा गया है। शहर के उद्योगपति धनश्याम खंडेलवाल भी सामाजिक कार्यों में योगदान देते रहते हैं। इसी के मद्देनजर उनको भी निमंत्रित किया गया है। सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी एवं सर्व धर्म समभाव की अवधारणा को मजबूती प्रदान करने के लिए आनंद प्रकाश सिंह को भी बुलावा आया है। वह भारतीय जीवन बीमा निगम में विकास अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
इन सभी का मानना है अयोध्या की न्यास कमेटी ने समरसता कार्यक्रम के तहत अपने मानक तय किए हैं। उसी के आधार पर देशभर के कुछ चुनिंदा लोगों को आमंत्रित किया है। यह उनके लिए सौभाग्य और हर्ष की बात है कि ऐसे पावन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें निमंत्रण दिया गया है। इसके लिए तीनों ने न्यास का आभार जताया है।