आंवला। संगठन के महामंत्री की पौत्री का नाम राशन कार्ड की पात्रता सूची में शामिल कराने के लिए भाजपाइयों ने बृहस्पतिवार को पूर्ति कार्यालय का घेराव किया। मंडल महामंत्री सुनील श्रीवास्तव ने कहा कि अपनी ही सरकार में वह पिछले डेढ़ साल से चक्कर काट रहे हैं। अब तक यूनिट नहीं बढ़ाई गई। हर बार कार्यालय जाने पर अधिकारी टरका देते हैं। अधिकारियों पर सुविधा शुल्क लिए बिना काम न करने का आरोप लगाया।
पूर्ति कार्यालय पहुंचे भाजपाइयों ने बताया कि सुनील श्रीवास्तव अपने बेटे के राशन कार्ड में आठ वर्षीय पौत्री मान्या का नाम जुड़वाने के लिए डेढ़ वर्ष से परेशान हैं। परिचय देने के बाद भी अधिकारी काम करने के लिए तैयार नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यालय में आम लोगों की भी सुनवाई नहीं होती। क्षेत्र में सबसे ज्यादा लोग पूर्ति विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर ही परेशान हैं।
रामनगर ब्लाॅक प्रमुख के पति मित्रपाल ने बताया कि गांव कसूमरा निवासी अनुसूचित जाति की लता देवी के राशन कार्ड संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी कर आवेदन कार्यालय भेजा था। अब तक उनका राशन कार्ड नहीं बना है। इस दौरान प्रमोद अनुरागी, मनोज मौर्य, रोहित सिंह, मुनेश्वर सिंह, मीना मौर्य, उषा सतीजा, अनिल कश्यप, आशु एडवोकेट, सूरज कश्यप, हरीश मौर्य आदि मौजूद रहे।
सदस्यता अभियान में उठानी पड़ रही शर्मिदगी
भाजपाइयों ने बताया कि सदस्यता अभियान के तहत इन दिनों वह गांव-गांव जाकर नए सदस्य बना रहे हैं। सबसे ज्यादा शिकायतें लोग पूर्ति विभाग को लेकर ही करते हैं। शिकायत करने पर अधिकारी सुनवाई नहीं करते। ऐसे में हमें भी शर्मिदगी उठानी पड़ती है।