BJP's ticket will not get passive councilors
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
भाजपा की महानगर कार्यसमिति में सेक्टर संयोजकों को विस्तारक के दायित्व सौंपे गए। ये विस्तारक दूसरे मंडलों में जाकर 15 दिन के लिए रात्रि प्रवास करेंगे। बूथ और मंडल स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति बनी। क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह ने कहा कि वर्तमान कार्यकाल में निष्क्रिय पार्षदों को इस बार चुनाव में टिकट नहीं दिया जाएगा। उनकी जगह नए चेहरों को मौका मिलेगा।
शील चौराहा स्थित होटल पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रारंभ क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह, महानगर प्रभारी राकेश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने कहा कि पं. दीनदयाल शताब्दी वर्ष पर 10 मई से 13 सितंबर 2017 तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इनके लिए समन्वयकों के नाम तय किए गए। उन्होंने बताया कि मंडल स्तर पर पांच सदस्यीय संचालन समिति की कार्य विभाजन की योजना बनी। प्रत्येक मंडल के सेक्टर के संयोजकों को विस्तारक की जिम्मेदारी दी गई। उनको दूसरे मंडलों के सेक्टर में जाकर विस्तारक के रूप में 15 दिन का प्रवास करना होगा। भवानी सिंह ने कहा कि निकाय चुनाव में जिन पार्षदों ने अपने कार्यकाल में पार्टी के कार्यक्रम, बैठकों और संगठन की गतिविधियों में हिस्सा नहीं लिया। उनको टिकट देने के बारे में संगठन विचार नहीं करेगा। उन्होंने टिकाऊ और जिताऊ लोगों को पार्षद का टिकट देने की बात कही। बैठक में यतिन भाटिया, मोहित कपूर, पूरनलाल लोधी, अंकुश अग्रवाल, चंद्रपाल गुप्ता, प्रभूदयाल लोधी, अनुराधा खंडेलवाल, डा. प्रमेंद्र महेश्वरी, छंगामल मौर्य, अनिल सक्सेना आदि शामिल थे।