बरेली। बाकरगंज में पुरानी गोशाला खोलने पर भाजपाइयों ने हंगामा काटा। गोशाला सोसायटी अध्यक्ष उमानाथ अग्रवाल भाजपा पार्षदों के अलावा अन्य पदाधिकारियों के साथ ईदगाह रोड पर पहुंच गए और गोशाला का ताला खोलने पर आपत्ति की। दोनों ने एक दूसरे को न्यायालय में केस चलने के अभिलेख दिखाए। बाद में ये मामला नगर आयुक्त के समक्ष पहुंचा। शाम तक दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
बाकरगंज में ईदगाह रोड पर नगर निगम की पुरानी गोशाला है। हालांकि गोशाला सोसायटी इस गोशाला पर अपना दावा कर रही है। इसको लेकर नगर निगम और गोशाला सोसायटी के बीच मामला न्यायालय में चल रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर आयुक्त को सड़क पर घूमती गायों को गोशाला भेजने के निर्देश दिए थे। नगर आयुक्त ने टीम भेजकर पुरानी गोशाला में ताला खुलवाया। इसकी खबर जब गोशाला सोसायटी अध्यक्ष उमानाथ अग्रवाल को लगी तो वह भी भाजपा पार्षदों समेत तमाम लोगों के साथ बाकरगंज पहुंच गए और न्यायालय का स्टे बताकर ताला खोलने पर आपत्ति जताई। दोनों पक्षों में काफी देर तक हंगामा होता रहा। काम रोक दिया गया। इसके बाद भाजपाई नगर आयुक्त आरके श्रीवास्तव से मिले। दोनों पक्षों में इस बात पर सहमति बनी कि न्यायालय का फैसला न आने तक गोशाला को यथास्थिति में रखा जाए। सड़क पर घूमने वाली गायों को गोशाला सोसायटी धर्मशाला भेजा जाएगा। गोशाला इन गायों के चारा पानी का इंतजाम करेगी। वार्ता में भाजपा महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया, पार्षद विकास शर्मा, पार्षद पति विनोद सैनी आदि मौजूद थे।