बरेली। लोन जमा नहीं करने पर भाजपा नेता का खाता एनपीए हो गया था। बैंक की टीम पुलिस बल के साथ भाजपा नेता के घर नोटिस चस्पा करने पहुंची तो नेता ने बदसलूकी कर दी। सुभाषनगर थाने में बैंक के मैनेजर ने तहरीर दी है। हालांकि, नोटिस चस्पा कर दिया गया है।
पंजाब एंड सिंध बैंक सिविल लाइंस शाखा के प्रबंधक ने बताया कि बालाजी पुलिया के पास रहने वाले भाजपा नेता ने 25 लाख रुपये का लोन व्यवसाय करने के लिए लिया था। किस्तें जमा न करने के कारण खाता एनपीए हो गया। कई बार नोटिस भेजने के बाद भी लोन नहीं चुकाया तो बैंक ने कब्जे की कार्रवाई शुरू कर दी। शनिवार को बैंक की टीम पुलिस को लेकर बंधक संपत्ति पर पहुंची। आरोप है कि भाजपा नेता ने बदसलूकी शुरू कर दी। बैंककर्मियों से धक्कामुक्की और हंगामे का वीडियो भी वायरल हो रहा है। सुभाषनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार राय ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। पुलिस की मौजूदगी में नोटिस चस्पा कर दिया गया था। कुछ विरोध था, जो शांत हो गया।