बरेली। सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद ने कहा कि आज डबल इंजन की भाजपा सरकार का अमृत कल आज देश के लिए संकट काल बन गया है। लगातार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। देश की जनता देख रही है कि किस तरह से चुनाव में विपक्ष को डराया जा रहा है। विपक्षी पार्टियों खास तौर से कांग्रेस समर्थक वोटरों को वोटर लिस्ट से हटाया जा रहा है।
सांसद इमरान नगर पंचायत सिरौली में कांग्रेस कार्यालय पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की जो दयनीय हालत है वह किसी से नहीं छुपी है उन्होंने कहा यह लगातार तीसरा महीना है जब खुदरा महंगाई बढ़ी है। उन्होंने कहा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस का ‘मिशन 2027’ बहुत अच्छा होने वाला है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि पूरे जिले में संगठन ब्लॉक स्तर से लेकर न्याय पंचायत स्तर तक मजबूती के साथ कार्य कर रहा है। सांसद इमरान ने हज के मुकद्दस सफर पर रवाना हो रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी और उनकी पत्नी नगर पंचायत सिरौली की चेयरमैन चमन सकलानी को मुबारकबाद पेश की। इस दौरान कृष्णकांत शर्मा, जिया उर रहमान, कमरूद्दीन सैफी, युसूफ नन्हे, शकील मेंबर आदि मौजूद रहे।
सांसद के सामने भिड़े कांग्रेसी
बरेली। सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद के वरिष्ठ नेता नवाब मुजाहिद खान के सिविल लाइंस निवास आने पर बैठक आयोजित की गई। इसमें बोलने को लेकर सांसद के सामने ही कांग्रेसी आपस में भिड़ गए। कहासुनी में माहौल काफी गर्मा गया। कुछ लोग कार्यक्रम छोड़ कर चले भी गए। यहां दिनेश दद्दा, केबी त्रिपाठी, केके शर्मा, हाजी जुबैर रजा खां, अवनीश बक्शी मौजूद रहे। यहां से सांसद कांग्रेस नेता हाजी जुबैर के ठिरिया निजावत खां स्थित निवास पर भी पहुंचे। यहांवरिष्ठ नेता अजय शुक्ला, पारस शुक्ला आदि मौजूद रहे। संवाद