बरेली। पीलीभीत जिले के बीसलपुर निवासी मुजम्मिल की प्रेम प्रसंग में गला रेतकर हत्या कर दी गई। गुप्तांग भी कुचल दिया। इसके बाद हाथ-पैर बंधा शव इज्जतनगर के गांव बरकापुर में नहर किनारे फेंक दिया।
बीसलपुर पुलिस ने इज्जतनगर पुलिस के साथ आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया। इसके बाद बीसलपुर में दर्ज गुमशुदगी के मामले को हत्या में तरमीम कर दिया गया है। बीसलपुर पुलिस ही मामले का राजफाश करेगी। इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह को बुधवार सुबह बरकापुर गांव में नहर किनारे युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली।
वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो नहर पटरी के पास झाड़ियों में शव मिला। इसी दौरान बीसलपुर थाने के इंस्पेक्टर क्राइम विनोद कुमार शर्मा एक युवक को लेकर वहां पहुंच गए। युवक ने बताया कि शव यहीं फेंका था।
शव की पहचान मुजम्मिल अहमद (28) के रूप में हुई। वह बीसलपुर के गांव मीरपुर वाहनपुर का निवासी था।
उसके पिता शमसुद्दीन भी मौके पर आ गए और शव की पहचान कर ली। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में गला रेतने से हत्या की पुष्टि हुई है। युवक के गुप्तांग को भी कुचल दिया गया है। अमर उजाला ब्यूरो