बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय के मानसरोवर (पीजी) छात्रावास में बृहस्पतिवार को खाने में चिड़िया का पंख निकलने पर जमकर हंगामा हुआ। इससे गुस्साए विद्यार्थी कुलसचिव आवास का घेराव करने पहुंचे, जहां कड़कती ठंड में छात्रों ने नारेबाजी की। सुरक्षाकर्मियों ने कुलपति आवास पर ताला डाल दिया और विद्यार्थियों को अंदर जाने से रोका।
छात्रावास के मेस में बृहस्पतिवार रात विद्यार्थियों को आठ बजे खाने में रायता मिला, जिसमें चिड़िया का पंख निकला। इसे देखते ही छात्र भड़क गए। इसके बाद विद्यार्थियों ने हॉस्टल व मेस के गेट पर ताला डालकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। यहां से आक्रोशित छात्र कुलपति के आवास की ओर रवाना हुए। जहां पहुंचकर छात्रों ने जमकर नारेबाजी की। सुरक्षाकर्मियों ने कुलपति आवास के गेट पर ताला डालकर छात्रों को बाहर रोक दिया।
छात्र बोले- मेस संचालक साफ सफाई का ध्यान नहीं रखता
छात्रों ने बताया कि आए दिन खाने में गंदगी सामने आ रही है। कभी बाल, कभी कीड़ा, कभी तार और अब चिड़िया का पंख खाने में निकल आया है। छात्रों का कहना है कि मेस संचालक खाने में साफ सफाई का ध्यान नहीं रखता। मेस संचालक की शिकायत यदि वार्डन से की जाती है तो वे हम सभी के विभागाध्यक्षों से परीक्षा में बैक लगवाने की धमकी देते हैं। इस पहले भी जब खाने में तार से एक छात्र का मुंह कटा तो विद्यार्थियों ने कुलसचिव का घेराव किया था।
छात्रों का कहना है कि कई महीने हो चुके हैं लेकिन सुधार नहीं हो रहा। इसलिए अब कुलपति से वार्ता होगी। जिसके चलते विद्यार्थी कुलपति आवास पर पहुंचे। वहां छात्रों को बताया गया कि कुलपति अंदर नहीं हैं। ये कहकर बाहर से ताला डाल दिया गया। मीडिया प्रभारी अमित सिंह का कहना है कि हॉस्टल में खाने की समस्या को दिखवाया जाएगा।