फायरिंग के बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी और अन्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
कई राउंड फायरिंग से दहशत, डीआईजी और एसएसपी पहुंचे
बरेली। कटरा चांद खां में देर रात ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करके बाइक सवार फरार हो गए। इनका दुश्मन तो मौके से भाग गया, लेकिन छत पर खड़े युवक के सिर में गोली लग गई। उसकी भाभी को भी छर्रे लगे हैं। देर रात डीआईजी और एसएसपी मौके पर पहुंचे। युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
कटरा में चक्की के पास एक खाली प्लॉट में दिन भर यहां जुआ होता हैं। ब्याज पर रुपये देने वाला पवन अपने गुर्गों के साथ यहां बैठता है। करीब 15 दिन पहले पवन के भाई से मोहल्ले के ही चवन्नी लाला का झगड़ा हो गया था। तब उन लोगों ने पवन के भाई को पेड़ से बांधकर पीटा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे पवन अपने नौ साथियों के साथ तीन बाइक से आया। बाइकों पर पीछे बैठे लोगों के हाथों में दो-दो तमंचे थे। इन्होंने करीब तीस राउंड हवाई फायरिंग की। बताते हैं कि चवन्नी तो घर से भाग निकला पर छत से घटना देख रहे सचिन मौर्य के सिर में गोली लग गई। उसकी भाभी वर्षा के भी छर्रे लगे हैं। इसके बाद हमलावर भाग गए।
देर रात डीआईजी राजेश पांडेय और एसएसपी शैलेश पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने इंस्पेक्टर से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। सचिन को कई निजी अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन सभी ने उसकी हालत चिंताजनक बताकर भर्ती करने से इंकार कर दिया। बाद में उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। आरोपियों में शामिल दो युवक दरोगा के बेटे बताए जा रहे हैं।