हाफिजगंज/भंडसर। रिठौरा से बाइक से घर लौट रहे बाइक सवार की टोल प्लाजा के सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
थाना हाफिजगंज के गांव रम्पटिया निवासी ऐबरन सिंह यादव ने बताया कि उनका 20 वर्षीय पुत्र अरविंद यादव उर्फ टीटू सोमवार को घर से बाइक लेकर कस्बा रिठौरा में अपनी तहेरी बहन के यहां गया हुआ था, जहां से वह लौटकर शाम सात बजे अपने गांव आ रहा था कि गांव लभेड़ा के समीप बने टोल प्लाजा पर सामने से आ रही कार से बाइक टकरा गई, जिससे अरविंद दूर जा गिरा। पुलिस ने उसे नवाबगंज उप स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। यहां से जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। संवाद
सड़क हादसे में तीन घायल, रेफर
आंवला। आमने-सामने हुई दो बाइकों की टक्कर से हुए हादसे में तीन लोग गंभीर घायल हो गए। मंगलवार दोपहर दो बजे रूधौनी गांव थाना दातागंज निवासी विकास अपने चचेरे भाई देव प्रकाश के साथ बाइक से रहगांव से पैगा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक, जिस पर दरावनगर गांव थाना कुंवरगांव निवासी रघुराज सवार थे, जो कि बझेड़ा गांव में रिश्तेदारी में जा रहे थे। पैगा पुल पर दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में तीनों बाइक सवार गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्रों पर भेजा। संवाद