बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में मंगलवार की रात बाइक सवार बदमाश ने चौकीदार को गोली मार दी। घायल चौकीदार को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जांच शुरू कर दी है।
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार की रात पार्किंग स्थल के चौकीदार को गोली मार दी। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चौकीदार को अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन
इज्जतनगर थाना क्षेत्र में होटल रेडीसन के पास फाइनेंस कंपनी के वाहन खड़े करने का यार्ड है। यहां चावड़ गांव निवासी शेर सिंह चौकीदारी करते हैं। रात में वह यहां रखवाली कर रहे थे। बताते हैं कि रात में बाइक सवार दो युवक वहां आए। उनमें से एक ने चौकीदार पर फायर कर दिया। गोली शेर सिंह के कंधे में लगकर निकल गई। इज्जतनगर थाना पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी युवकों के चेहरे आ गए हैं। मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। शेर सिंह की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।