पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील की दुकान, आरोपी भागा
बरेली। बारादरी इलाके में झोलाछाप ने आंत की बीमारी से जूझ रहे 24 वर्षीय बाइक मैकेनिक के अंडकोष का ऑपरेशन कर डाला। अधिक खून बहने से युवक की हालत बिगड़ गई। परिवार के लोग उसे पीजीआई ले गए तो झोलाछाप की करतूत का पता चली। पिता ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिशुपाल की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची तो जयवीर मौके पर नहीं मिला। टीम में शामिल डॉ. अमित कुमार ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई और दुकान को सील कर दिया।
डोहरा गौटिया निवासी शिशुपाल ने बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि उनके बेटे अजय के पेट में समस्या थी। उसे बारादरी इलाके की सनराइज कॉलोनी के पास स्थित पृथ्वी फार्मा क्लीनिक पर दिखाया। वहां झोलाछाप जयवीर ने बताया कि अजय के अंडकोष में दिक्कत है, जिसे चीरा लगाकर ठीक कर दूंगा। ऑपरेशन करने के लिए उसने छह दिसंबर को 20 हजार रुपये जमा करा लिए। जयवीर ने वहीं एक कमरे में ले जाकर ऑपरेशन कर दिया। इसके बाद 25 दिन में तीन बार टांके बदले और रोज पट्टी की। पट्टी के 500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से वसूले।
इस दौरान अजय को लगातार रक्तस्राव होता रहा। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। शिशुपाल अजय को लखनऊ पीजीआई लेकर गए तो डॉक्टरों ने बताया कि उसकी आंत में समस्या है और उसका गलत जगह ऑपरेशन कर दिया गया है। वहां डॉक्टरों ने अजय की हालत नाजुक बताई। शिशुपाल बेटे को घर ले आए हैं। बाद में पता चला कि जयवीर झोलाछाप है। उसके पास कोई डिग्री नहीं है। जयवीर से शिकायत की तो उसने फर्जी मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अप्रैल में होनी है शादी
शिशुपाल ने बताया कि वह राजमिस्त्री हैं। उनका बेटा अजय इंद्रानगर में बाइकों की मरम्मत करता है। अजय की शादी अप्रैल में होनी है, इधर डॉक्टरों ने जवाब दे दिया है। उनके पास इलाज के लिए रुपये भी नहीं हैं। ब्यूरो