फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली: पहले सांड़ फिर डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल

Mon, 31 Aug 2026 03:27 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, भमोरा (बरेली)

सार

बरेली के देवचरा में शनिवार रात सड़क पर आए सांड से टकराकर बाइक डिवाइडर से भिड़ गई। इस हादसे में चकरपुर निवासी ओमकार (22) की मौके पर ही मौत हो गई। उसका दोस्त अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। 
विज्ञापन
ओमकार का फाइल फोटो - फोटो : संवा
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली के भमोरा क्षेत्र के देवचरा में शनिवार रात सड़क पर आए सांड़ से टकराने के बाद अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार चकरपुर के ओमकार (22 वर्ष) की मौत हो गई। साथी अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, चकरपुर निवासी बालकराम के बेटे ओमकार शनिवार रात दोस्त अमन के साथ बाइक से देवचरा आए थे। देवचरा में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के सामने सड़क पर आए सांड़ से बाइक टकरा गई। अनियंत्रित होकर डिवाइडर से भी टकरा गई। हादसे में ओमकार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अमन गंभीर रूप से घायल हो गए।

ओमकार के माता-पिता का निधन हो चुका है। वह तीन बहनों के इकलौते भाई थे। भाई की मौत की बहनें बेहाल हैं। सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि सूचना पर गई पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। अमन को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन

पहले भी हो चुके हैं हादसे 
कुछ दिन पहले भमोरा क्षेत्र के ब्राह्मपुर निवासी अखिलेश यादव (19) की बाइक बल्लिया के पास सांड़ से टकरा गई थी। इसमें वह घायल हुए थे। उपचार के दौरान अखिलेश की मौत हो गई थी। क्षेत्र में छुट्टा पशुओं की समस्या लगातार बनी हुई है। उनके कारण हादसे हो रहे हैं। इससे लोगों में दहशत है। आलमपुर जाफराबाद के बीडीओ हर्षेद्र कुमार ने बताया कि ब्लॉक में दो वृहद गोशालाएं जल्द संचालित शुरू की जाएंगी। छुट्टा पशुओं को पकड़कर उसमें समाहित किया जाएगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर नल नगरिया से सिंधौली चौराहे तक छुट्टा पशुओं का झुंड बैठा रहता है। सड़क पर विचरण कर रहे पशुओं से टकराने पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इनमें कई लोग घायल हो चुके हैं। धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर फिरोजपुर गांव से बसई तक भी छुट्टा पशु मौजूद रहते हैं। शेरगढ़ क्षेत्र में भी छुट्टा पशुओं से राहगीर और किसान परेशान हैं। ये पशु रोजाना सड़कों पर घूमते दिखते हैं। 

इस बाबत एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया कि अधिशासी अधिकारी मीरगंज और बीडीओ मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी व शेरगढ़ को पत्र लिखकर छुट्टा पशुओं की समस्या से अवगत कराया है। पशुओं को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं। छुट्टा पशुओं को सड़कों से हटाने का काम लगातार जारी रहेगा।
विज्ञापन

शीशगढ़ इलाके में दो युवक घायल 
शीशगढ़ के गांव मल्साखेड़ा के पास सड़क पर छुट्टा पशु से टकराने पर बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। सूचना पर गई पुलिस ने दोनों घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें एक रामपुर के खजुरिया के गांव अहरों निवासी सचिन है। छह माह पहले मानपुर स्थित खेत पर छुट्टा पशुओं के हमले में किसान की मौत हो गई थी। 

स्थानीय लोगों के मुताबिक, ढकिया डाम चौकी से शीशगढ़ कस्बे, गांव लखा, कुतुबपुर, मानपुर तक लगभग 15 किमी दायरे में जगह-जगह छुट्टा पशुओं के झुंड मिलते हैं। इस बाबत ईओ दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि नगर पंचायत में गोशाला बनवाने के लिए शासन ने 165 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। हालांकि भूमि विवादित होने पर निर्माण रोक दिया गया। निर्माण के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। कैटल कैचर वाहन नहीं है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें