फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नशे के ठिकानों का बड़ा बाईपास

सार

बड़ा बाईपास के एक ढाबे पर मंगलवार को भोजीपुरा पुलिस के छापे में दो किलो गांजे की बरामदगी ने कई सवाल भी खड़े कर दिए।इसके बाद दाढ़ी वाले चच्चा की ओर इशारा करके बोला कि वहां से माल मिल तो जाता लेकिन जींस टीशर्ट पहनकर आए हो।पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ढाबा मालिक को जेल दिया है।
विज्ञापन
दिल्ली नेशनल हाईवे एनएच 24 पर खुलेआम बिक रहा गांजा । संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली। बड़ा बाईपास के एक ढाबे पर मंगलवार को भोजीपुरा पुलिस के छापे में दो किलो गांजे की बरामदगी ने कई सवाल भी खड़े कर दिए। दरअसल, पूरा बड़ा बाईपास पर नशे के ठिकाने में तब्दील हो चुका है। शुरू से आखिर तक दर्जनों ढाबे ऐसे हैं जो आम लोगों को खाना परोसते हैं और नशे के शौकीनों को गांजा, चरस और स्मैक। गाहे-बगाहे पुलिस के छापों के बावजूद नशे का कारोबार लगातार और बढ़ रहा है।
विज्ञापन

शाहजहांपुर, पीलीभीत, नैनीताल और दिल्ली हाईवे को जोड़ने वाला बड़ा बाईपास चार थाना क्षेत्रों से गुजरता है। हाईवे का हिस्सा होने की वजह से इस पर पुलिस की गश्त भी काफी रहती है, फिर भी पूरा इलाका नशे के ठिकानों से भर गया है। यूनिवर्सिटी और नामचीन इंस्टीट्यूटों के स्टूडेंट यहां नशे के सबसे बड़े ग्राहक हैं। कुछ महीनों पहले बड़ा बाईपास पर एक ढाबे पर छापा मारकर हु्क्का बार पकड़ा गया था, लेकिन उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद अब मंगलवार को एक ढाबे से दो किलो गांजा पकड़ा गया है।
स्टिंग में खुले नशे के कारोबार के राज
सुबह मिलता है माल, दिन में आना
रात 12 बजे अमर उजाला की टीम ने बड़ा बाईपास पर नशे के ठिकाने तलाश करने की कोशिश की। एक टी स्टॉल पर कुछ युवा चरस भरी सिगरेट पीते मिले तो रिपोर्टर ने भी टी स्टॉल पर काम कर रहे लड़के से गांजा पीने की ख्वाहिश जताई। लड़का हिचकिचाया तो यह कहकर विश्वास में लिया कि वह नियमित ग्राहक हैं लेकिन अब तक दूसरे ढाबे में जाते थे। तब कहीं मुतमईन हुए लड़के ने बताया कि बराबर में जो ढाबा उजड़ा दिख रहा है, यहीं से गांजा पकड़ा गया है। पुलिस ढाबा मालिक को थाने ले गई है। अब हमारे पास भी सिर्फ दिन में माल मिल पाएगा। आप लोग सुबह आइए। हमने उससे सुबह आने में मुश्किल बताई तो बोला, माल दिन में रख लूंगा। रात को आकर ले जाना। हालांकि एडवांस लेने से उसने मना कर दिया।
विज्ञापन

तुम्हें कभी देखा ही नहीं, माल कैसे दे दें
यहीं कड़ी से कुछ और कड़ी जुड़ी। टी-स्टॉल पर नशा कर रहे कुछ युवाओं ने बताया कि यहां तो आज माल मिलना मुश्किल है लेकिन अगर आगे ओवरब्रिज के पास जाओगे तो लाइन से कई ढाबे हैं जहां माल मिल जाएगा। एक दाढ़ी वाले चच्चा भी वहां माल बेचते हैं। अमर उजाला की टीम उन ढाबों पर पहुंची तो एक ढाबे में मोबाइल में गेम खेलते मिले दो लड़कों ने बताया कि आज रात में माल नहीं मिल पाएगा। छापे बढ़ गए हैं। बराबर में दूसरे ढाबे में पहुंचे तो वहां बैठी महिला ने कहा कि आज रात कोई माल नहीं देगा, सुबह आ जाना। क्यों परेशान हो रहे हो। दाढ़ी वाले चच्चा ने भी अनजान चेहरे देखकर माल देने से मना कर दिया।
जींस-टीशर्ट पहनकर आए हो, कौन देगा माल
एक ढाबे पर मौजूद ट्रक ड्राइवर ने कहा कि रात को यहां माल नहीं मिलेगा। उसके पास थोड़ा ही माल है वर्ना दे देता। इसके बाद दाढ़ी वाले चच्चा की ओर इशारा करके बोला कि वहां से माल मिल तो जाता लेकिन जींस टीशर्ट पहनकर आए हो। पहचाने हुए भी नहीं हो। आज वैसे भी सभी लोग सहमे हुए हैं। ऐसे डर के माहौल में कौन दे माल।
बिथरी इलाके में सबसे ज्यादा नशे के अड्डे
टीम को जितने ढाबों पर माल मिलने की बात बताई गई, उनमें से ज्यादातर बिथरी इलाके में थे। यहां बेखौफ होकर गांजा बिकता है। दिन में यूनिवर्सिटी और इंस्टीट्यूट के छात्र ही नहीं, स्कूली बच्चे भी यहां नशे के लिए पहुंचते हैं। पुलिस फिर भी हमेशा बेखबर बनी रहती है।
ग्रीन बेल्ट में चल रहे हैं नशे के ठिकाने
बड़ा बाईपास पर जिन ठिकानों पर नशे के कारोबार का संदेह है, उनमें से ज्यादातर ग्रीन बेल्ट में बने हुए हैं। बीडीए ने हाल ही में गिने-चुने ढाबों को गिराया तो है लेकिन ज्यादातर ढाबे अब भी कार्रवाई से बचे हुए हैं। ग्रीन बेल्ट में आधी-अधूरी कार्रवाई को लेकर बीडीए पर भी सवाल खड़े होते रहे हैं।
गांजे के साथ ढाबा मालिक गिरफ्तार, पत्नी-साला फरार
भोजीपुरा। बड़ा बाईपास पर सीओ के नेतृत्व में भोजीपुरा पुलिस ने सोमवार रात को मारे गए छापे में एक ढाबे पर खड़ी कार से दो किलो गांजा बरामद कर ढाबा मालिक को गिरफ्तार कर लिया, उसकी पत्नी और साला भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ढाबा मालिक को जेल दिया है। सोमवार रात दो बजे सीओ नवाबगंज चमन सिंह चावड़ा के नेतृत्व में भोजीपुरा पुलिस ने बड़े बाईपास पर प्रिंस ढाबा पर छापा मारा। इस दौरान वहां खड़ी एक कार से दो किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने ढाबा मालिक सैदपुर चुन्नीलाल गांव के फिरासत खां को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पत्नी सायरा बानो और साला कासिम भाग गए। सीओ ने बताया कि कार को सीज कर दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें