बरेली। फिट इंडिया साइकिलिंग अभियान के तहत सड़कोें पर साइकिलें दौड़ाई गईं। भारतीय खेल प्राधिकरण के केंद्र प्रभारी की ओर से जारी हुई सूचना के मुताबिक मंगलवार को कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद स्टेडियम से हुई। मुख्य अतिथि कैंटोमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अभियंता रविंद्र (आईडीईएस) ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। कार्यक्रम में क्षेत्र युवाओं के साथ प्रशिक्षक, कर्मचारी, सभी आवासीय व गैर आवासीय प्रशिक्षु व स्थानीय विद्यालय के आरएन टैगोर स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। संवाद
लखनऊ में होने वाली क्रॉस कंट्री के लिए ट्रायल आज
बरेली। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव गजेंद्र तोमर ने बताया कि 22 दिसंबर को लखनऊ में होने वाली क्राॅस कंट्री दौड़ के लिए बुधवार को सुबह 10 बजे स्टेडियम में टीम का चयन किया जाएगा। इसमें 20 वर्षीय बालक वर्ग में आठ, 18 वर्षीय वर्ग में छह और 16 वर्षीय बालक वर्ग में दो किमी दौड़ कराई जाएगी। 20 वर्षीय बालिका वर्ग में छह किमी, चार किमी और 16 वर्षीय में दो किमी दौड़ के लिए चयन किया जाएगा। संवाद
खेल महोत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाया दम
बरेली। जय नारायण पब्लिक स्कूल में मंगलवार को खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि द्वारिकेश मिल के यूनिट हेड रवींद्र कुमार गुप्ता, विद्यालय के निदेशक कुंदन सिंह और प्रधानाचार्य रश्मि सिंह नंद्राजोग ने इसका शुभारंभ किया। बालक वर्ग की लड्डू दौड़, मेढक दौड़, बैलून रेस व रिले रेस हुईं। सीनियर वर्ग में वाॅलीबाॅल, बैडमिंटन और शतरंज के मुकाबले हुए। विजयी छात्रों को पदक व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। खेल विभाग प्रभारी हनी गंगवार, पीटीआई अतुल पांडे और मोहित कुमार ने प्रतिभागियों के साथ ताइक्वांडो का प्रर्दशन किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका आंचल सक्सेना ने किया। संवाद