मंडी परिषद कराएगा एक किमी तक रोड की मरम्मत, टेंडर प्रक्रिया शुरू
बरेली। जर्जर सड़क से गुजरकर निर्मल ग्राम भरतौल पहुंच रहे लोगों को जल्द गड्ढों से मुक्ति मिलेगी। मंडी परिषद ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिसके तहत करीब माह भर में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले दो माह में मरम्मत का कार्य किया जाएगा।
ग्राम प्रधान प्रवेश देवी के मुताबिक सैन्य क्षेत्र की सीमा से सटे होने से सालों से जर्जर सड़क से ग्रामवासी गुजर रहे हैं। पिछले चार वर्षों से पूर्व सैनिक संगठन के केएस रावत व अन्य ग्रामीण जिला प्रशासन के समक्ष समस्या उठा रहे थे। जिसका संज्ञान लेकर पिछले वर्ष तत्कालीन डीएम रविंद्र कुमार ने मंडी परिषद को रोड गड्ढामुक्त करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। अब मंडी परिषद ने जिले की विभिन्न रोड को गड्ढामुक्त बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। इसमें 25.16 लाख के बजट से शाहजहांपुर रोड से भरतौल तक संपर्क मार्ग का कार्य भी शामिल हैं।
बताया कि मंडी परिषद के अफसरों ने इसी वर्ष ग्रामवासियों और सैन्यकर्मियों को जर्जर सड़क से निजात दिलाने की बात कही है। वहीं, केएस रावत के मुताबिक फील्ड हॉस्पिटल के सामने एमईएस रोड जो 116 एयर ओपी यूनिट गेट तक है, का निर्माण भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। ब्यूरो