फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: किराये के मकान में लगवा रहे थे सट्टा, माफिया कुप्पी सहित 22 गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। बारादरी क्षेत्र के कालीबाड़ी में किराये का मकान लेकर हिस्ट्रीशीटर व माफिया विजय उर्फ कुप्पी ने सट्टे का धंधा चमकाया। बारादरी थाना पुलिस ने मकान पर दबिश देकर सट्टा लगवा रहे कुप्पी समेत 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कुप्पी का खास गुर्गा लक्ष्मी नारायण उर्फ गुन्ना भाग निकला। पुलिस ने एक लाख से ज्यादा की रकम बरामद की है।
विज्ञापन

चर्चा है कि थानों की पुलिस सेटिंग की वजह से सट्टा, जुआ और नशे के अवैध धंधों पर हाथ नहीं डालती है। हाल ही में एसएसपी ने दूसरे थानों की पुलिस और एसओजी को ऐसे लोगों को पकड़ने में लगा दिया। अब थानों की पुलिस हरकत में आई है। शनिवार सुबह बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने टीम के साथ कालीबाड़ी क्षेत्र की संकरी गली में छापा मारा। वहां मंजू के मकान को सट्टा माफिया विजय उर्फ कुप्पी और लक्ष्मी नारायण उर्फ गुन्ना ने किराये पर ले रखा था। मकान में काउंटर लगाकर ऑनलाइन सट्टा लगवाया जा रहा था और पर्ची भी बनाकर दी जा रही थीं। लक्ष्मीनरायण, अंकित शर्मा, संतोष पाल और सुरेंद्र पर्ची बना रहे थे। सरगना विजय उर्फ कुप्पी और लक्ष्मी नारायण उर्फ गुन्ना रुपये इकट्ठे कर रहे थे। पुलिस को देखकर गुन्ना भाग निकला। पुलिस ने मौके से कुप्पी समेत 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गुन्ना की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। बारादरी थाने में सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

इनको किया गिरफ्तार
बारादरी पुलिस ने कालीबाड़ी के लक्ष्मी नारायण व सनी, राजू, नन्हे, गंगापुर निवासी अंकित शर्मा, बानखाना का संतोषपाल, मीरा की पैठ के सुरेंद्र व रवि गुप्ता, शांति विहार का राहुल कश्यप, रोहली टोहला का रवि, हाफिजगंज सिगरा का जाबिर, कोतवाली का लखन, फाल्तूनगंज निवासी लक्ष्मी, सैलानी का आमिर, बारादरी के राशिद, गढ़ी लाइनपार का दन्ने, मीरगंज गुलड़िया के नरेशपाल, संजय नगर के सोनू, अनुज, सिकलापुर के बबलू, मढ़ीनाथ के राहुल देव और आजमनगर निवासी कुख्यात सट्टा माफिया विजय उर्फ कुप्पी को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन

सट्टे से बनाया था आलीशान मकान, प्रशासन ने किया कुर्क
विजय उर्फ कुप्पी कुख्यात सट्टा माफिया है। विजय पर दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। विजय ने सट्टा कारोबार से आलीशान मकान बनाया था। कोतवाली पुलिस ने 2019 में गैंगस्टर की कार्रवाई कर उसका 70 लाख का मकान, दो बुलेट बाइक और खाते सीज किए थे। इसके बाद पुलिस की मदद से विजय ने दोबारा सट्टा कारोबार खड़ा कर दिया। वह लक्ष्मी नारायण उर्फ गुन्ना के साथ मिलकर कारोबार कर रहा था। गुन्ना की तलाश की जा रही है। ब्यूरो

एक मकान में हो रहे सट्टा गतिविधि की सूचना पर कार्रवाई की गई है। इसमें मुख्य आरोपी विजय उर्फ कुप्पी समेत 22 लोगों को गिरफ्तार कर बारादरी पुलिस ने चालान किया है। इनसे एक लाख से ज्यादा रकम, कई मोबाइल, पेन व सट्टा पर्ची बरामद की गई हैं। कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। - देवेंद्र कुमार, एएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें