नवाबगंज में निकाय चुनाव की मतगणना के दिन पहले कथित रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष रवींद्र सिंह राठौर के एसडीएम राजेश कुमार पर हमला करने और फिर एसडीएम की ओर से बेहद संगीन आरोपों में भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जाने को लेकर शासन में बेहद गंभीरता से मंथन चल रहा है। बरेली में तैनात प्रशासन और पुलिस के कुछ खास अफसरों की भूमिका की भी समीक्षा की जा रही है। आसार हैं कि जल्द ही कुछ अफसरों पर इस मामले में गाज गिर सकती है।
भाजपा हाईकमान के जरिये शासन को फीडबैक मिला है कि नवाबगंज में कुछ अफसर पहले से ही बसपा प्रत्याशी के पक्ष में काम कर रहे थे। इन्हें कुछ पार्टी नेताओं की भी शह हासिल थी। यही वजह रही कि मतगणना के दौरान जब एक-एक वोट पर जद्दोजहद चल रही थी, तभी भाजपा जिलाध्यक्ष की ओर से मतगणना में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाया और फिर बवाल हो गया। हालांकि यहां विवाद होने की आशंका पहले से थी। चुनाव से कुछ समय पहले राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल की प्रेस वार्ता के दौरान नवाबगंज की संवेदनशीलता पर सवाल उठे थे तो अग्रवाल ने वहां मौजूद अफसरों को मतदान और मतगणना के दौरान नवाबगंज में पर्याप्त सतर्कता बरतने और फोर्स लगाने के निर्देश दिए थे।
भाजपा नेताओं ने लखनऊ में पार्टी हाईकमान और शासन को अवगत कराया है कि राज्य निर्वाचन आयुक्त के निर्देश के बाद भी प्रशासन फर्जी मतदान रुकवाने में नाकाम रहा। बड़ी तादाद में भाजपा समर्थकों के नाम लाल स्याही से काट दिए गए, फिर संशोधित वोटर सूची तक जारी नहीं कराई। इसी आधार पर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कुछ अफसरों की भूमिका जांच शुरू हो गई है। नवाबगंज नगर पालिका के निर्वाचन अधिकारी, सीओ पर लगे आरोपों की भी छानबीन हो रही है। एसडीएम की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में कई खामियां पकड़ी गई हैं। उच्चपदस्थ अधिकारी इस सवाल का भी जवाब ढूंढ रहे हैं कि बड़ी तादाद में तैनात फोर्स के बीच कुछ लोगों ने एसडीएम ने जानलेवा हमला कैसे कर दिया। माना जा रहा है कि मामला रफादफा कराने और आरोपित अधिकारियों के बचाव के लिए एफआईआर कराई गई है।
बाक्स:
पीसीएस संघ की बैठक आज
जिले में तैनात पीसीएस अधिकारियों ने एसडीएम नवाबगंज की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर पर तीन दिन के अंदर कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया था। मंगलवार को पीसीएस अफसरों की बैठक में अब तक कार्रवाई न होने पर असंतोष जताया गया और बुधवार को मंडल के सभी पीसीएस अफसरों की बैठक बुलाकर इस मामले में अगली रणनीति तय करने का निर्णय लिया गया।
डीएम ने सराहा
डीएम आर. विक्रम सिंह ने नवाबगंज मतगणना के दौरान एसडीएम राजेश कुमार पर हुए हमले का बचाव करने वाले पुलिस कर्मियाें की सराहना की है। डीएम ने एसएसपी से कहा है कि वे संबंधित कर्मियों को इससे अवगत करा दें।