बरेली का मिजाज समझते हुए बरेली शहर, कैंट और मीरगंज में कांग्रेस ने हर जाति धर्म के वोट को साधने के लिए अलग-अलग राज्यों से नेता बुलाए हैं। मुस्लिम वोटों को लुभाने के लिए जोन प्रभारी शकील अहमद, जिला प्रभारी फुरकान अंसारी तो थे ही अब जम्मू कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष गुलाम अहमद अली भी पहुंच रहे हैं। प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद आएंगे और राजबब्बर की सभाएं होगी। आखिरी दांव प्रचार के आखिरी दिन राहुल गांधी और अखिलेश यादव के रोड शो के रूप में 13 को चला जाएगा।
ब्राह्मण वोटों को साधने के लिए दिल्ली के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा को सिटी विधानसभा का प्रभारी बनाया गया था। जिला पर्यवेक्षक के रूप में बिहार के दिग्गज नेता तारानंद झा को भेजा गया है। मीरगंज के विधान सभा प्रभारी के तौर पर जातीय वोटों के लिए राव दान सिंह आए हैं। यही नहीं हरियाणा के पूर्व मंत्री विनोद बयाना ने यहां ठाकुर और जाट वोटों को साधने की कोशिश की है।
मुस्लिम वोटों के समीकरण बनाने के लिए प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद की सभा 10 फरवरी को कराई जाएंगी। इनकी सभा मीरगंज, जोगी नवादा में कराने की तैयार है। इनके अलावा प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर को हिंदू इलाकों में लाया जाएगा इसके लिए राजेंद्र नगर में जगह ढूं्ढी जा रही है। फुटकर वोटों के लिए नगमा और महिला चौधरी को लाया जाएगा। तिथि किसी की तय नहीं हुई है लेकिन माना जा रहा है कि एक दो दिन में सब फाइनल हो जाएगा
13 फरवरी को राहुल गांधी और अखिलेश यादव का संयुक्त रोड शो का संभावित कार्यक्रम है। राहुल गांधी की पहले आजाद इंटर कालेज में सभा का कार्यक्रम तय किया जा रहा था। इसके लिए कांग्रेसियों ने जाकर मैदान का निरीक्षण भी किया। बाद में राहुल और अखिलेश के संयुक्त रोड शो की तैयारी शाम को शुरू हो गई। कांग्रेस के पर्यवेक्षक तारानंद झा ने बताया कि रात में रूट चार्ट बनाकर एप्रूवल के लिए भेजा जाएगा। अगर मंजूर हो गया तो 13 को सभा हो सकती है।
कार्यकर्ताओं से हर सीट के मुताबिक जरूरत पूछी गई है उसी के अनुसार जिला कांग्रेस के माध्यम से स्टार प्रचारकों और बड़े नेताओं का कार्यक्रम मांगा गया है। गठबंधन में जिसकी जहां जरूरत होगी वहां वोट मांगने बड़े नेता जाएंगे। एक दो दिन में ही सभी का कार्यक्रम आ जाएगा
- तारानंद झा, जिला पर्यवेक्षक कांग्रेस