पिछले साल मरम्मत के लिए मिले 3.5 करोड़, ग्रामीणों ने अधूरे काम पर उठाए सवाल
मीरगंज। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले गंगा स्नान मेले का समय नजदीक आ रहा है, लेकिन गोरा लोकनाथपुर से गंगा नदी तक जाने वाली सड़क की हालत जर्जर है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। सड़क के किनारे भी बड़े-बड़े गड्ढे होने से श्रद्धालुओं के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो सकता है। मेले में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले साल लोक निर्माण विभाग को 25 किमी लंबी सड़क की मरम्मत के लिए करीब 3.5 करोड़ रुपये मिले थे। इसके बावजूद सड़क का काम पूरी तरह नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया और भुगतान भी निकाल लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो मेले के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
मेला अध्यक्ष बाबूराम कश्यप ने कहा कि गंगा स्नान मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी मार्ग से होकर गंगा नदी पहुंचते हैं। पिछले साल सड़क की मरम्मत के लिए करोड़ों रुपये मिलने के बावजूद सड़क की हालत नहीं सुधरी। मेला कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि विभाग को मेले से पहले सड़क की मरम्मत कराकर गड्ढे भरवाने चाहिए।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने बताया कि सड़क की स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा। जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जाएगी। संवाद