त्योहारी सीजन आने से पहले डीजीपी जावीद अहमद ने जनता से पुलिस का तालमेल बनाने के लिए नया फंडा निकाला है। उन्होंने व्हाट्सएप पर सभी जिलों के कप्तानों को जिले के उन खास लोगों का ग्रुप बनाने को कहा है जिनकी अपनी पहचान हो। मकसद यह है कि इन लोगों की मदद से बवाल के समय माहौल ठीक कराया जा सके।
24 मार्च को होली है जिसकी पुलिस-प्रशासन ने अभी से तैयारी करनी शुरू कर दी है। होली के विवादों में शामिल रहने वाले लोगों को आला अफसरों ने थानाध्यक्षों को समझाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। खुफिया विभाग भी इनपुट जुटा रहा है कि कहां विवाद होने की आशंका है। डीजीपी ने यूपी के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को इसीलिए जिले के खास लोगों के व्हाट्स एप के जरिए जुड़ने की पहल कराई है।
शहर के मोअज्जिज लोगों के साथ पहले मीटिंग करेंगे और फिर उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ लिया जाएगा। विवाद के समय इनसे मदद ली जाएगी। कानून व्यवस्था संबंधी समस्याओं को लेकर सलाह भी ली जाएगी। यदि लोगों की कोई समस्या होगी तो इस ग्रुप में जुड़े होने से वक्त पर पता चलेगा और उसे हल किया जाएगा
-आरके भारद्वाज, एसएसपी