बरेली में नाथ कॉरिडोर का विकास तीन चरणों में होगा। इसके लिए प्रबुद्धजनों और जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए जाएंगे। शनिवार को कमिश्नर सौम्या अग्रवाल और बीडीए वीसी जोगिंदर सिंह ने मुख्य सड़कों का निरीक्षण किया।
बरेली में नाथ कॉरिडोर में सभी सात मंदिरों से जुड़ी सड़कों के चौड़ीकरण व मंदिरों के संवारने का काम तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में शाहजहांपुर, बदायूं, पीलीभीत रोड और दिल्ली बाईपास पर काम होगा। दूसरे चरण में शहर के अंदर नाथ मंदिरों को जोड़ने वाली सड़कों को संवारा जाएगा। तीसरे चरण में मंदिरों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। इससे शहर सुंदर होने के साथ ही शिवमय नजर आएगा।
विज्ञापन
तीनों चरणों के लिए बीडीए डीपीआर तैयार कराएगा। इसमें शहर के प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधियों और मंदिर कमेटी के सुझावों को शामिल किया जाएगा। इसके बाद ही डीपीआर शासन को भेजेंगे। शनिवार को कमिश्नर सौम्या अग्रवाल और बीडीए वीसी जोगिंदर सिंह ने मुख्य सड़कों का निरीक्षण किया।
कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि शाहजहांपुर, बदायूं रोड व दिल्ली बाईपास स्थित प्रवेश द्वार का तेजी से निर्माण कराएं और यहां आसपास की खाली जगह पर हरियाली लगाएं। इसके बाद उन्होंने पशुपतिनाथ मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, मढ़ीनाथ मंदिर व तपेश्वरनाथ मंदिर का निरीक्षण किया।
त्रिवटीनाथ मंदिर समिति से बात कर सड़क के चौड़ीकरण के लिए कहा। मढ़ीनाथ व तपेश्वरनाथ मंदिर परिसर को संवारने के लिए योजना बनाने के लिए कहा। हर मंदिर में पार्किंग व जन सुविधाओं का विशेष ख्याल रखने के लिए कहा है।
ये काम कराए जाएंगे
बीडीए वीसी जोगिंदर सिंह ने बताया कि पहले चरण में शाहजहांपुर रोड, रामपुर रोड, बदायूं रोड, पीलीभीत रोड व बीसलपुर रोड का चौड़ीकरण, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट आदि का काम किया जाएगा। सभी प्रवेश द्वारों के आसपास खाली जमीन पर हरियाली लगाई जाएगी। यहां भगवान शिव से जुड़े प्रतीकों को स्थापित किया जाएगा, ताकि शहर में प्रवेश करने वालों को यह महसूस हो कि वे भगवान शिव की नगरी में प्रवेश कर रहे हैं।
दूसरे चरण में शहर के सभी शिव मंदिरों को जोड़ने वाली सड़कों और चौराहों को विकसित किया जाएगा। तीसरे चरण में प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधियों व मंदिर समितियों से सुझाव लेकर डीपीआर तैयार होगा।