बरेली। भोजीपुरा में शनिवार को अवैध निर्माण पर बीडीए का बुलडोजर चला। टीम ने मानचित्र स्वीकृत कराए बिना प्लाटिंग करने वालों पर कार्रवाई का शिकंजा कसा है। चार कॉलोनियों के लिए भूखंड बनाकर बेचने के लिए चल रहे स्थल विकास के निर्माण कार्यों को बीडीए टीम ने ध्वस्त कराया है।
भोजीपुरा स्थित रंपुरा गांव के करीब आठ हजार वर्ग मीटर पर अजय मिश्रा, रक्षपाल गुप्ता व अनस ने विकास प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना ही भूखंड काट दिए। भूखंड बेचने के लिए सड़क, बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस का निर्माण किया। इसी पर बुलडोजर चलवाया गया है। नरेंद्र पटेल, इरशाद खान ने चार हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में सड़क, बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस बनवाया, जिसे ध्वस्त कराया गया। वीरु पटेल, लियाकत खान ने भी तीन हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में, मुजाहिद, फजरूद्दीन ने तीन हजार वर्गमीटर कालोनी विकसित करने की तैयारी की। इनके निर्माण को भी ध्वस्त कराया गया। बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने कहा कि अवैध तरीके से बनाई जा रही काॅलोनियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। ब्यूरो