कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का फार्महाउस
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी की गिरफ्तारी के बाद अब बरेली के इज्जतनगर इलाके में बगैर नक्शे के बना फार्म हाउस चर्चा में है। रेखा आर्य व उनके शेयर वाली कंपनी के नाम पर बने भवन के कंपाउंडिंग के लिए दो साल पहले आवेदन किया गया था। आवेदक की ओर से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं दिए जाने की वजह से आवेदन को निरस्त किया जाएगा। भवन स्वामी को नोटिस भेजने के बाद बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) इसे ध्वस्त कराएगा।
चुनावी हलफनामों में शेयर का उल्लेख
अन्य गाटा संख्या की भूमि कृष्णा वैष्णवी इंटरप्राइजेज के नाम से दर्ज है, जिसमें शेयर होने का उल्लेख रेखा आर्य के चुनावी हलफनामों में रहता है। कंपाउंडिंग के आवेदन में शुल्क के साथ आवेदक को पांच विभागों (राजस्व, वन एवं पर्यावरण, पीडब्ल्यूडी, जिला पंचायत, सीलिंग) की एनओसी लगानी है। इनमें से एक भी विभाग की एनओसी नहीं लगाए जाने पर प्राधिकरण की ओर से सितंबर में नोटिस भेजा गया था। अब बीडीए की तरफ से कंपाउंडिंग के आवेदन को निरस्त कर भवन को गिराने की तैयारी है।
बीडीए सचिव हिमांशु गुप्ता ने बताया कि फॉर्म हाउस रेखा आर्य व दो अन्य कंपनियों के नाम पर है। बगैर नक्शे के फॉर्म हाउस बनाने की जांच की गई तो 2024 में कंपाउंडिंग के लिए आवेदन किया गया था। इसमें अब तक एनओसी नहीं दी गई है। इनको पूर्व में ही नोटिस भेजा जा चुका है। नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर कंपाउंडिंग आवेदन निरस्त किया जाएगा। इसके बाद भवन को गिराया जाएगा।