बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव चंदनपुर में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) जिस जमीन का वर्ष 2004 में अधिग्रहण कर चुका था, वही जमीन जालसाजी कर बेच दी गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सीबीगंज थाने के गांव महेशपुर निवासी मोहम्मद शफीक ने चंदनपुर के जलील अहमद से 200 वर्ग गज का प्लॉट चार लाख रुपये में खरीदा था। इसके बाद उन्होंने इसी रकबा में 150 वर्ग गज का प्लॉट 2.50 लाख रुपये में हाजरा बेगम से खरीदा। बाद में उन्हें पता लगा कि जिस जमीन पर उन्होंने प्लॉट खरदे हैं, उसका अधिग्रहण बीडीए 2004 में ही कर चुका है। इसके बदले बीडीए ने हरीओम और हरीश कुमार को पूरा भुगतान भी किया गया।
मोहम्मद शफीक का आरोप है कि हरीओम और हरीश ने बीडीए की जमीन जलील अहमद और हाजरा बेगम को बेच दी। बाद में हाजरा बेगम और जलील अहमद ने जालसाजी कर यह जमीन उन्हें बेच दी। रिपोर्ट दर्ज न होने पर शफीक ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर बिथरी चैनपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।