बरेली। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने शुक्रवार को हुई पंचायत में बीडीए के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान कर दिया है। पदाधिकारियों ने कहा कि रामगंगानगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने किसानों के साथ ज्यादती की है। अधिकतर किसानों को मुआवजा तक नहीं दिया है। जिन्हें दिया है, वह उचित नहीं है। इस कारण किसान न्यायालय की शरण में हैं। इस पूरे मामले को वह 23 सितंबर को होने वाली महापंचायत में उठाएंगे। इसमें संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी शामिल होंगे।
कचहरी स्थित संगठन कार्यालय पर हुई पंचायत में यूनियन के जिला प्रवक्ता हाजी एम इकबाल ने बताया कि 23 सितंबर को नेहरू युवा केंद्र में किसान महापंचायत होनी है। बीडीए ने जिन किसानों की जमीन छीन ली है, उनसे मिलकर मैंने उनकी बेबशी देखी है। महापंचायत में अपने नेता राकेश टिकैत को इसके बारे में बताएंगे। उन्होंने पीड़ित किसानों को महापंचायत में बुलाने और आंदोलन को धार देने के लिए संपर्क नंबर 9719102937 व 9634242545 जारी किए हैं। तहसील अध्यक्ष आमिर रजा ने कहा कि थाना, तहसील, ब्लाॅक स्तर पर फरियादी चक्कर लगाते रहते हैंं। सुनवाई नहीं हो रही है। पंचायत के बाद किसान नेताओं ने पुलिस से संबंधित मामलों को लेकर डीआईजी से भी मुलाकात की। संवाद