बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को थाना सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम गोविंदापुर में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। सीबीगंज क्षेत्र के गोविंदापुर में मेंहदी हसन व मिसाल द्वारा करीब 20 बीघा क्षेत्रफल में बगैर बरेली विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के भूखंडों का चिन्हांकन, बाउंड्रीवाल आदि का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण ने इसे अवैध कॉलोनी के रूप में चिन्हित करते हुए कार्रवाई की। बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि किसी भी प्रकार का निर्माण व प्लॉटिंग करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। बिना स्वीकृत मानचित्र के किया गया निर्माण या प्लॉटिंग अवैध मानी जाएगी। उसके खिलाफ ध्वस्तीकरण की नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।