लॉटरी ड्रा से किया गया भूखंडों का आवंटन
- फोटो : बीडीए
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने बुधवार को आवासीय भूखंडों का आवंटन कर 50 करोड़ रुपये की आय अर्जित की। खरीदारों का चयन लॉटरी ड्रा के माध्यम से किया गया। बीडीए कार्यालय में रामगंगा नगर आवासीय योजना और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के विभिन्न सेक्टरों के भूखंडों और स्काई-वे अपार्टमेंट के फ्लैटों के आवंटन के लिए शिविर लगाया गया। बीडीए की सचिव वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर में लाटरी ड्रॉ के माध्यम से 98 आवासीय भूखंडों का आवंटन किया गया। आवंटन शिविर में मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी शिवधनी सिंह यादव, संयुक्त सचिव दीपक कुमार, विशेष कार्याधिकारी नीलम श्रीवास्तव सहित बीडीए के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नई टाउनशिप के डिमांड सर्वे की अंतिम तिथि 31 दिसंबर
बीडीए की सचिव ने बताया कि बढ़ती आवासीय आवश्यकताओं को देखते हुए दिल्ली-लखनऊ बड़ा बाइपास और पीलीभीत बाइपास राजमार्ग पर लगभग 267.00 हेक्टेयर क्षेत्रफल में नई टाउनशिप योजना विकसित करने के लिए भूमि अर्जन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। नई टाउनशिप योजना का डिमांड सर्वे खुला हुआ है, उसकी अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 है। इच्छुक लोग आवेदन फार्म एक्जीक्यूटिव क्लब रोड स्थित एचडीएफसी बैंक से प्राप्त कर सकते हैं। प्राधिकरण की वेबसाइट
bdainfo.org पर जाकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।